शहडोल सम्हालेंगे कमलनाथ
kamlnath

 

राज्यसभा में विवेक तन्खा को जीत दिलाने वाले कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ  शहडोल लोकसभा उपचुनाव में भी पार्टी के खेवनहार होंगे। उन्हें दिल्ली से विशेष तौर पर इस चुनाव की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले भी उन्हें राज्यसभा की एक सीट जिताने की जिम्मेदारी को दी गई थी। जिस पर वे खरे उतरे थे और उन्होंने पार्टी की झोली में राज्यसभा की एक सीट दी थी। कमलनाथ को अब शहडोल उपचुनाव की सीट भाजपा से छीनने की जिम्मेदारी पार्टी की तरफ से दी गई है। कमलनाथ कल यहां पर चुनावी प्रचार का शंखनाद करने आ रहे हैं। उनकी दो सभाए शहडोल और उमरिया में होगी। सूत्रों की मानी जाए तो कमलनाथ ने यहां पर योजनाबद्ध तरीके से अपनी टीम को लगा दिया है। उनकी टीम पिछले दो माह से लगातार क्षेत्र में काम करने के अलावा सर्वे कर चुकी है। इस सर्वे के आधार पर जीत के लिए पार्टी काम करेगी। क्षेत्र में कमलनाथ समर्थक विधायक ज्यादा हैं। कमलनाथ के कहने पर यहां के विधायकों ने पहले से ही कांग्रेस की जीत को लेकर बूथ लेबल तक होमवर्क कर लिया है। जो इस चुनाव में पार्टी की मजबूती का बढ़ा आधार होगा।

कांग्रेस के पास इस वक्त देश में महज 45 लोकसभा सीटें हैं। जिसमें से मध्य प्रदेश में तीन सीटे उसके खाते में है। तीसरी सीट भी उसे उपचुनाव में जीत कर मिली थी। सूत्रों की मानी जाए तो  कांग्रेस उत्तर प्रदेश में  मोदी फोबिया को चुनौती देने के लिए शहडोल उपचुनाव को आधार बनाएगी। इसलिए कांग्रेस यहां पर हर स्थिति में चुनाव जीतना चाहती है। इसके चलते ही कमलनाथ को यहां की जिम्मेदारी दी गई है।

उधर शहडोल लोकसभा में 20 अक्टूबर से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर करीब 250 नेता और कार्यकर्ता पहुंच चुके हैं। ये सब पोलिंग बूथ तक सक्रिय है। वहीं  महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी मोहन प्रकाश, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव आज शहडोल पहुंच रहे हैं। दोनों नेता कल कमलनाथ के साथ उनकी सभा में रहेंगे।

यहां पर हिमाद्री सिंह को उम्मीदवार बनाया जानातय हो गया है। वे 27 को बतौर कांग्रेस उम्मीदवार नामांकन भरने जा रही है। इस दौरान मोहन प्रकाश, अरुण यादव और विवेक तन्खा नामांकन भरवाने के दौरान हिमाद्री के साथ रहेंगे।