फसल बीमा योजना में सीहोर जिले के किसानों को 400 करोड़ मिलेंगे
फसल बीमा योजना

नमामि देवि नर्मदे कार्यक्रम से आमजन के जुड़ने का आव्हान

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बुधनी तहसील के ग्राम नारायणपुर में लोक कल्याण शिविर में आम जनता का आव्हान किया कि 11 दिसम्बर से शुरू हो रही \'नमामि देवि-नर्मदे\'\' सेवा यात्रा में पूरे उत्साह से भाग लें और अन्य लोगों को भी इसमें भाग लेने के लिये प्रेरित करें। मुख्यमंत्री  चौहान ने नारायणपुर में 16 करोड़ रूपये से अधिक लागत के विभिन्न कार्यों का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि \'नमामि देवि नर्मदे\'\' सेवा यात्रा एक पवित्र एवं महत्वाकांक्षी यात्रा है। यह जन-जन का कार्यक्रम है। इस यात्रा में सभी धर्मगुरूओं, संतों, समाज-सेवियों, जन-प्रतिनिधियों, सांस्कृतिक संस्थाओं के लोगों को जोड़ा जा रहा है। उन्होंने नर्मदा नदी के संरक्षण के लिए प्रारंभ की जा रही नर्मदा सेवा यात्रा को दुनिया में सबसे बड़ा एवं नदी संरक्षण का अनूठा आन्दोलन बनाने का आव्हान किया।

श्री चौहान ने कहा कि नर्मदा के दोनों ओर सरकारी एवं निजी भूमि पर बड़े पैमाने पर फलदार पौधे लगाए जायेंगे। निजी भूमि पर वृक्षारोपण के लिए तीन वर्ष तक राज्य सरकार निर्धारित दर पर मुआवजा देगी। इसके साथ ही नर्मदा के किनारे खेती में जैविक खाद का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नर्मदा के किनारे सभी गाँवो में शौचालय बनाए जायेंगे तथा नर्मदा में मिलने वाले सीवेज को ट्रीटमेंट के बाद छोड़ा जाएगा। सभी घाटों पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाने के साथ ही डस्टबिन भी रखी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फसल बीमा योजना में सीहोर जिले के करीब 1 लाख 45 हजार किसानों को 400 करोड़ रूपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि किसानों के बैक खातों में जमा करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के बहुमुखी विकास के लिए कृत-संकल्पित है। महिलाओं के आर्थिक-सामाजिक विकास के लिए स्व-सहायता समूह बनाए जाने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इन समूहों को बैंक लिंकेज उपलब्ध करवाया जायेगा। उन्होंने नारायणपुर गाँव के सभी घरों को खरंजा से जोड़ने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने 47 आवासहीन परिवारों को घर बनाकर दिये जाने को कहा।

लोक निर्माण मंत्री और सीहोर जिले के प्रभारी मंत्री  रामपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश में हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती संध्या मरेठा, मार्कफेड अध्यक्ष श्री रमाकांत भार्गव, अध्यक्ष वन विकास निगम श्री गुरूप्रसाद शर्मा और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।नारायणपुर में लोक कल्याण शिविर में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्राम बेसाखेड़ी, जनवासा, तिलोद आदि गाँव में ग्रामीणों से सम्पर्क किया।