खिलाड़ी खूब पढ़ें, खूब खेलें
shivraj singh sport
 
 
मुख्यमंत्री शिवराज ने किया द्वितीय राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री कप 2016 का शुभारंभ 
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने विद्यार्थियों और खिलाड़ियों का आव्हान किया है कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी प्रदेश का नाम रोशन करे। उन्होंने कहा कि गरीब प्रतिभाशाली बच्चों द्वारा बड़े शिक्षण संस्थानों में प्रवेश लेने पर उनकी फीस सरकार भरेगी। इसी प्रकार खेलों में विक्रम पुरस्कार मिलने पर सरकारी नौकरी दी जायेगी।
श्री चौहान  भोपाल के टीटी नगर  स्‍टेडियम में राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री कप 2016 का शुभारंभ कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री कप पिछले वर्ष से आयोजित किया जा रहा है। इस साल यह द्वितीय मुख्यमंत्री कप है। इसमें 10 संभाग से कुल 1200 बालिक-बालिकाएँ भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री कप 2016 का आयोजन कबड्डी, व्हालीबॉल, एथलेटिक्स, कुश्ती, फुटबॉल एवं कराते खेल में बालक/बालिका वर्ग में किया जा रहा है। राज्य स्तरीय दलीय खेलों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान अर्जित करने वाले बालक/बालिका दलों को क्रमश: एक लाख, 75 हजार और 50 हजार रूपये नगद पुरस्कार एवं व्यक्तिगत खेलों में क्रमश: 10 हजार, 7 हजार एवं 5 हजार रूपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रतिभागी खिलाड़ियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों में क्षमता है, लगन है और मेहनत करने का जज़्बा है। वे ओलम्पिक में मेडल जीत सकते हैं। सिर्फ कड़ी मेहनत और लगन की जरूरत है। श्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री कप के बाद विधायक कप का भी आयोजन किया जायेगा।
खेल मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री कप से ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाएँ सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेल अकादमियों से कई अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकले हैं और उन्होंने प्रदेश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री कप में भाग लेने के लिये चयनित दलों की संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएँ करवाई गई। इनके विजेताओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने संभागवार खिलाड़ियों के मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर सचिव खेल श्री सचिन सिन्हा, संचालक खेल श्री उपेन्द्र जैन और खेल प्रेमी उपस्थित थे।
 
 
Attachments