उत्तरप्रदेश में बीजेपी होगी घर वापसी :राजनाथ
rajnatn up

उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में  दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा वनवास दूर करके प्रदेश की सत्ता में आयेगी। राजनाथ ने यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संबोधित ‘परिवर्तन महारैली’ में कहा कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ा है और कानून व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। प्रदेश की जनता ने भाजपा की पूर्व सरकारों के समय विकास और सुशासन देखा है। विकास के वनवास को दूर कर भाजपा उत्तर प्रदेश में ‘घर वापसी’ करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस, सपा और बसपा (भाजपा से) डरे हुए हैं। वे गठबंधन की जुगाड़ में लगे हैं। सपा में तो दंगल चल रहा है।’’ इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि पिछले 15 साल से सपा और बसपा की सरकारें प्रदेश में हैं। ‘‘चाचा भतीजा और बुआ भतीजा की जो लाइन लगी है, उसने उत्तर प्रदेश को तबाह किया है।’’  

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़ फेंकने की जरूरत है। प्रदेश की बात होती है तो रामवृक्ष की मथुरा में कब्जा की गयी जमीन याद आती है, गुंडाराज, बुलंदशहर बलात्कार कांड, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे निर्माण में भ्रष्टाचार की बात होती है। ‘‘विकास की बात नहीं होती। भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी तो कानून व्यवस्था का राज कायम होगा। गरीबों की जमीन पर कब्जा करने वालों को हफ्ते भर में ही या तो जमीन छोडनी पडेग़ी या प्रदेश छोड़कर जाना पड़ेगा।