अमुपम खेर ने की राहुल की खिंचाई
अमुपम खेर

 

रायपुर में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता अनुपम खेर ने अपने भाषण की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से की और समापन इशारों-इशारों में कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर शब्दों के तीर छोड़कर किया।

इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बिना कपड़ा पहले कोई भारत को आजाद करा सकता है तो कुछ भी हो सकता है, जो महात्मा गांधी ने किया। एक व्यक्ति 27 साल जेल में रहने के बाद दक्षिण अफ्रीका का राष्ट्रपति हो सकता है तो कुछ भी हो सकता है।

आखिर में खेर ने कहा कि अगर राबड़ी देवी मुख्यमंत्री हो सकती हैं तो कुछ भी हो सकता है। युवाओं में जोश भरते हुए खेर ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का ऐसा राज्य है, जहां स्वामी विवेकानंद के आदर्शों की जीवंत झलक देखने को मिलती है। देश का एकमात्र एयरपोर्ट स्वामी विवेकानंद के नाम पर है, जो रायपुर शहर में है।

खेर ने कहा कि यहां के लोगों के मुस्कराते चेहरे से पता लगता है कि छत्तीसगढ़ निरंतर आगे बढ़ रहा है। डॉ. रमन सिंह छत्तीसगढ़ में और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब तक देश की कमान संभाले हैं तो किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। अपने भाषण के आखिर में खेर ने राहुल गांधी पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि एक 46 साल के युवा हैं, उनके भी हाथ में भगवान नजर आता है। लेकिन 2जी, 3जी और कोयला घोटाले के समय यह हाथ कहां था, जब उसमें भगवान नजर नहीं आए। खेर ने कहा कि अब आपको तय करना है कि आप किसके साथ हंै। उसके साथ, जो आपके चेहरे पर मुस्कराहट लाए या फिर युवा हाथ के साथ।

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के पदचिन्हों पर प्रदेश के युवा आगे बढ़ रहे हैं। जहां प्रेरणा की बात आती है, वहां दुनियाभर के युवा स्वामी विवेकानंद की ओर देखते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है कि स्वामी विवेकानंद ने कोलकाता के बाद सबसे ज्यादा समय रायपुर में व्यतीत किया। बूढ़ातालाब के सामने ही उनका निवास था। ऐसा कहा जाता है कि स्वामी विवेकानंद जब जबलपुर के रास्ते छत्तीसगढ़ आ रहे थे तो चिल्फी घाटी में ही उन्हें आध्यात्मिक ज्ञान की अनुभूति हुई। स्वामी विवेकानंद ने 39 साल की अल्प आयु में जो उपलब्धियां अर्जित कीं, वे अद्वितीय हैं।

खेर ने पढ़ी रमन एप की कविता, कोशिश करने वालों की हार नहीं होती

अनुपम खेर ने रमन एप का लोकार्पण किया। इस एप के माध्यम से लोग सीधे मुख्यमंत्री से जुड़ सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के एप पर सभी नवीनतम जानकारी एवं अपडेट उपलब्ध है। एप्प पर रमन के गोठ के एपिसोड को सुना जा सकता है। रमन एप एंड्रायड एवं आईओएस दोनों प्लेटफार्म पर उपलब्ध है। सभा में अनुपम खेर ने एप्प की एक कविता कोशिश करने वालों की हार नहीं होती, पढ़कर सुनाई।