बदनाम हो चुकी है सपा सरकार: उमा
uma bharti

बरेली में केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने आज दावा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की लहर चल रही है और राज्य विधानसभा में अन्य पार्टियां उससे मुकाबला करने की कोशिश में जुटी हैं। भारती ने  संवाददाताओं से बातचीत में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा मोदी के ‘अच्छे दिन’ के आने के वायदे को लेकर की गई टिप्पणी के बारे में पूछे गये सवाल पर उन्होंने कहा कि मोदी देश के अच्छे दिन लाने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं।

भाजपा का किसी से मुकाबला नहीं

सूबे में हो रहे विधानसभा चुनाव में भाजपा का किस पार्टी से मुकाबला है, इस सवाल पर उमा भारती का कहना था कि भाजपा का मुकाबला किसी पार्टी से नहीं है। दूसरे दल भाजपा से मुकाबले की कोशिश में हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की लहर चल रही है। समाजवादी पार्टी सपा और कांग्रेस के बीच राज्य विधानसभा के चुनाव में हुए गठबंधन के बारे में पूछने पर उन्होंने जवाब दिया कि राहुल और अखिलेश भाजपा के होते बुलंद हौसले से डर गए हैं, इसलिए चुनाव में एक हो गए हैं।  

सपा की हालत बहुत खराब

भारती ने कहा कि सपा की हालत बहुत खराब है। खराब कानून व्यवस्था, भर्तियों में भ्रष्टाचार के मामले में वह बदनाम हो चुकी है। मोदी के ‘रेनकोट’ संबंधी बयान की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने जो कहा है, वह सही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि अब दिन दूर नहीं हैं, जब दुनिया से आतंकवाद मिटाने की अगुवाई भारत ही करेगा। उन्होंने कांग्रेस को देश में आतंकवाद की जननी बताया। सूबे में विधानसभा चुनाव में आशातीत सफलता न मिलने पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से गठबंधन के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया,‘गठबंधन का सवाल ही नहीं है। भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनायेगी।’