मोदी सरकार दे रही CBI जांच की धमकी :ममता
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

 

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा को सुझाव दिया कि उसे अपना स्वयं का घर संभालना चाहिए क्योंकि पंजाब विधानसभा चुनाव में ‘‘किसी ने भी’’ उसे वोट नहीं दिया। ममता ने इसके साथ ही नरेंद्र मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि वह सीबीआई द्वारा जांच से उसे धमका रही है क्योंकि उन्होंने नोटबंदी के खिलाफ आवाज उठाई थी। उन्होंने कहा कि केवल कांग्रेस द्वारा की गई गलतियों के चलते भाजपा केंद्र की सत्ता में आ गई। वह दोबारा नहीं आएगी। कांग्रेेस ने अपनी गलतियों के चलते ही स्वयं को कमजोर कर लिया। ममता दक्षिण कोलकाता में एक बूस्टर पंपिंग स्टेशन का उद्घाटन करने के बाद बोल रही थी।

उन्होंने भाजपा पर अन्य को धमकाने एवं सरकारें गिराने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के अलावा धनबल और बाहुबल का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा को अन्य को नुकसान पहुंचाने से पहले स्वयं का घर संभालना चाहिए।  ममता ने मोदी सरकार को ‘‘देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद करने’’ के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि आप मेरे खिलाफ 1000 सीबीआई जांच शुरू कर सकते हैं लेकिन मैं जनता के लिए आवाज उठाती रहूंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पश्चिम बंगाल के बारे में सोचने से पहने अपनी स्वयंं की गलतियों पर गौर करना चाहिए और दिल्ली में ध्यान केंद्रित करना चाहिए।