Since: 23-09-2009
अध्यक्ष तपन भौमिक ने दिखाई झण्डी
प्रसिद्ध पर्यटन स्थल एवं विश्व विरासत खजुराहो में आज मध्यप्रदेश पर्यटन द्वारा गो हेरिटेज रन का सफल आयोजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में नागरिकों, पुरातत्व एवं पर्यटन में रुचि रखने वाले लोगों और खिलाडि़यों ने हिस्सा लिया।
गो हेरिटेज रन का आज सुबह खजुराहो में पर्यटन निगम के अध्यक्ष श्री तपन भौमिक ने झण्डी दिखाकर शुभारंभ किया। खजुराहो में संपन्न इस दौड़ का उद्देश्य देश-विदेश के सैलानियों को मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों और विशेषकर खजुराहो के प्रति आकर्षित करना था। उल्लेखनीय है कि खजुराहो के आस-पास नजदीक ही पन्ना टाइगर रिजर्व, पन्ना के ऐतिहासिक दर्शनीय मंदिर, रनेह फाल, पांडव गुफा, केन नदी में घडि़याल, छत्रसाल संग्रहालय धुबेला, कुंडेश्वर, जटाशंकर सहित अनेक प्राचीन लेक, पर्यटन स्थल और स्मारक की समृद्ध संपदा स्थित है। इस प्राचीन विरासत को संजोने, इसके प्रति पर्यटकों और लोगों का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से यह दौड़ आयोजित की गई।
इस अवसर पर पर्यटन सचिव एवं एम.डी. श्री हरि रंजन राव, सागर संभाग के कमिश्नर श्री मनोहर अगनानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेस प्रजापति, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक आदि मौजूद थे। गो हेरिटेज रन 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर दूरी की आयोजित की गई जिसमें लोगों ने उत्साह से हिस्सा लिया। दौड़ के समापन पर राज्य पर्यटन विकास निगम की ओर से सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।
MadhyaBharat
26 February 2017
All Rights Reserved ©2024 MadhyaBharat News.
Created By: Medha Innovation & Development
|