स्वर्णिम मध्यप्रदेश की आधारशिला साबित होगी सेवा यात्रा
महामण्डलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद

मंडला के कालपी में जनसंवाद में स्वामी अखिलेश्वरानंद  

\'नमामि देवि नर्मदे\'\'-सेवा यात्रा स्वर्णिम मध्यप्रदेश के निर्माण में आधार-शिला साबित होगी। यात्रा वैचारिक और रचनात्मक जन-आंदोलन है। आज मण्डला जिले के कालपी में सेवा यात्रा के जन-संवाद में महामण्डलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद ने यह विचार व्यक्त किया।

स्वामी अखिलेश्वरानंद ने कहा कि समय के साथ समूचे विश्व में जल-संकट गहराता जा रहा है। प्रदेश सरकार ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए सेवा यात्रा का आयोजन किया है, जिसे व्यापक जन-समर्थन मिल रहा है। यात्रा के माध्यम से जल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ रही है। यह भविष्य के लिये बेहतर संकेत माना जा सकता है। उन्होंने यात्रा में बेटी बचाओ अभियान के साथ सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से नशाबंदी, गौ-पालन, जैविक कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, वृक्षारोपण और जल-संरक्षण के उपायों पर चर्चा करते हुए पर्यावरण की रक्षा के साथ उन्नत जीवन- शैली अपनाने का आव्हान किया। जन-संवाद में नर्मदा सेवा समिति के नामों की घोषणा की गयी।

पाठ्य-पुस्तक निगम के उपाध्यक्ष श्री अवधेश नायक ने कहा कि सेवा यात्रा के माध्यम से जन-सामान्य जल-संरक्षण के महत्व को समझ रहा है। उन्होंने जल-संरचनाओं के निर्माण, वृक्षारोपण और जैविक कृषि को बढ़ावा देने का आव्हान किया। विधायक श्री रामप्यारे कुलस्ते ने कहा कि नर्मदा नदी प्रदेश की जीवन-रेखा है। यात्रा के माध्यम से नर्मदा के संरक्षण और संवर्धन के सार्थक प्रयास किये जा रहे हैं। यात्रा सामाजिक सरोकार से जुड़ा एक जन-अभियान है। इसमें लाखों जन अपनी सहभागिता कर मुख्यमंत्री के आदर्श संकल्प को समर्पित भाव से पूरा करने में जुटे हैं।

कालपी में जन-संवाद से पूर्व कन्या आश्रम बीजाडाण्डी में वृक्षारोपण किया गया। यात्रा धनवाही, लाबर मुडिया और चरगाँव कला से होते हुए कालपी पहुँची। यात्रा का जगह-जगह जन-समुदाय द्वारा स्वागत किया गया। महिलाएँ और बालिकाएँ यात्रा में कलश लेकर साथ चल रही थी। पुष्प-वर्षा कर नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया। जन-संवाद में मौजूद जन-समुदाय को नर्मदा संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष जनपद पंचायत बीजादाण्डी श्रीमती अलका गोठरिया, उपाध्यक्ष श्रीमती हेमलता यादव, सदस्य श्री संदीप नामदेव और श्री मिश्री यादव मौजूद थे।

हर हाथ से हो सेवा, स्वच्छ रहे हमारी रेवा

मण्डला जिले के नारायणगंज में \'नमामि देवि नर्मदे\'-सेवा यात्रा के 124 दिन के जन-संवाद को क्षेत्रीय विधायक श्री रामप्यारे कुलस्ते ने संबोधित किया। श्री कुलस्ते ने कहा कि हर हाथ से हो सेवा, स्वच्छ रहे हमारी रेवा। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को नर्मदा के संरक्षण, जल संरक्षण और पर्यावरण को बचाने के लिये नदी के तट पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में 2 जुलाई को करोड़ों वृक्ष लगाना है। इसमें हम सबको सहभागी बनना है।

गौ-संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष महामण्डलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद ने जन-संवाद में कहा कि नर्मदा यात्रा में जल-संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति जैसे संकल्पों को हमें पूरा करना है। उन्होंने कहा कि नर्मदा सेवा यात्रा के इस अभियान में लिये गये संकल्पों हम सभी लोगों को मिलकर मूर्तरूप देना है।

जन-संवाद को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती संपतिया उईके ने कहा कि जल संरक्षण, स्वच्छता, वृक्षारोपण, प्रदूषण से मुक्ति और नशामुक्ति लिये हमें कार्य करना है। जैविक खेती को प्रोत्साहन देने और फलदार एवं छायादार वृक्षों को लगाने का हम संकल्प लें और इसे पूरा भी करें। जन-संवाद के बाद नर्मदा जी की महाआरती की गई।