रमन ने निवेश के लिए 25 कंपनियों से चर्चा की
 मुख्यमंत्री रमन सिंह

 मुख्यमंत्री रमन सिंह दक्षिण कोरिया और जापान के दौरे से लौटकर मंगलवार को राजधानी रायपुर पहुंचे। अपने नौ दिन के विदेशी प्रवास के दौरान रमन सिंह ने दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल और जापान के दो प्रमुख शहरों टोक्यो और ओसाका का दौरा किया और कई निवेशकों से चर्चा की। रायपुर लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए अपने यात्रा का संक्षिप्त ब्योरा दिया।

मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया कार्यक्रम की तर्ज पर ही छत्तीसगढ़ में मेक इन छत्तीसगढ़ अभियान चलाया जा रहा है। इसमें निवेशकों को जुटाने के लिए जापान व दक्षिण कोरिया का दौरा किया गया था।

उन्होंने कहा कि जापान और दक्षिण कोरिया में भारत को एक महाशक्ति के रूप में देखा जा रहा है। खासतौर पर मेक इन इंडिया जैसे अभियान को के कारण दुनिया में देश का मान-सम्मान बढ़ा है। वहीं जीएसटी लागू होने के बाद भारत में विदेशी निवेश को लेकर भी विश्वास बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जापान के व्यापारिक संगठन जेट्रो, कोरिया के व्यापारिक संगठन कोटरा और सीआईआई के साथ सार्थक चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि हमने 25 से ज्यादा कंपनियों के साथ छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए चर्चा है।

आईटी, रक्षा उपकरण, ऊर्जा, आटोमोटिव, विद्युत मोटर्स, इलेक्ट्रानिक्स, स्मार्ट सिटी जैसे कई क्षेत्रों में प्रदेश में निवेश की संभावना है। मुख्यमंत्री ने दक्षिण कोरिया में स्मार्ट सिटी सिंगम का दौरा भी किया। उन्होंने बताया कि सुंग ह टेलीकॉम कंपनी छत्तीसगढ़ में 120 करोड़ का पूंजीनिवेश करेगी। इसके अलावा जापान के 100 से अधिक उद्योग समूहों के साथ निवेश को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।