CBI की विशेष अदालत में पेश हुए लालू
lalu yadav

रांची में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर चारा घोटाले से जुड़े 2 मामलों में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव आज सीबीआई की विशेष अदालत में हाजिर हुए। इनमें से एक मामला देवघर कोषागार से 97 लाख रुपए की अवैध निकासी का है, जबकि दूसरा डोरंडा कोषागार से 139 करोड़ 37 लाख रुपए की निकासी का है। लालू के अलावा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डा. जगन्नाथ मिश्र भी चारा घोटाले के मामले 54 ए 96 में अदालत में पेश हुए, जहां अदालत ने उन्हें जमानत दे दी।  

अदालत से निकलने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में लालू ने कहा कि कोर्ट के बुलावे पर वह अदालत में हाजिर हुए हैं। वह अदालत का पूरा सम्मान करते हैं और उन्हें उम्मीद है कि न्याय मिलेगा। उल्लेखनीय है कि लालू चारा घोटाले के एक मामले में पहले से सजायाफ्ता हैं। यह मामला चाईबासा कोषागार से अवैध निकासी का है, जिसमें वह फिलहाल जमानत पर हैं।