Since: 23-09-2009
मध्यप्रदेश में किसानों के आंदोलन के बाद कांग्रेस को मिले माइलेज को हाईकमान किसी भी कीमत पर कम नहीं करना चाहती है। इसके चलते ही पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को लम्बे अरसे बाद एक साथ 6 दिन का दौरा करवाया जा रहा है। वहीं उनके सत्याग्रह में कांग्रेस के दिग्गज नेता भी शामिल होंगे। वहीं सिंधिया समर्थक अभी से सत्याग्रह में भारी भीड़ जुटाने में जुट गए हैं। दरअसल समर्थकों को यह लग रहा है कि सत्याग्रह के बहाने सिंधिया को प्रभावी तरह से प्रदेश में लांच किए जाने की यह तैयारी है। सिंधिया समर्थकों ने 72 घंटे में भोपाल में 25 हजार लोगों को जुटाने का टारगेट तय किया है। सिंधिया के खास समर्थक वरिष्ठ विधायक महेंद्र सिंह कालूखेड़ा और तुलसी सिलावट मालवा क्षेत्र से उनके समर्थकों को भोपाल लाएंगे इसमें किसान भी शामिल होंगे। वहीं ग्वालियर, चम्बल संभाग से भी खासे समर्थक आएंगे। पूर्व विधायक गोविंद राजपूत बुंदेलखंड से सिंधिया समर्थकों को लेकर आएंगे।
इसके अलावा पूरे प्रदेश भर से सिंधिया समर्थक 14 से 17 जून के बीच भोपाल में नजर आएंगे। सिंधिया ने भी सोशल मीडिया पर अपील की है कि किसानों को न्याय दिलाने के संघर्ष में सभी साथ आए। फेसबुक की उनकी पोस्ट को एक दिन में ही करीब 500 लोगों ने शेयर किया है।
पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के निर्देश पर आयोजित हो रहे इस सत्याग्रह में कांग्रेस के दिग्गज नेता भी दिखाई देंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ 16 जून को इसमें शामिल हो सकते हैं। कमलनाथ के समर्थक भी इस दिन भोपाल में भारी संख्या में आएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी भी इसमें शामिल होंगे।
सिंधिया के सत्याग्रह को विफल करने में भाजपा जुट गई है। भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने आज इंदौर में कहा कि कांग्रेस को किसान आंदोलन पर बोलने का हक नहीं है। कांग्रेस के शासन में दो घंटे बिजली मिलती थी तब कहां थे सिंधिया, उन्होंने केन्द्रीय मंत्री रहते प्रदेश के लिए क्या किया यह भी जनता को बताएं। प्रदेश सरकार से किसानों को कोई नाराजगी नहीं है।
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने कहा है कि सिंधिया को अगर किसानों की इतनी ही चिंता है तो वे शिवपुरी के उन किसानों जमीन वापस कर दें जिसे उन्होंने अपने ट्रस्ट की जमीन बताकर कब्जा कर लिया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता किस बात के लिए सत्याग्रह कर रहे हैं यह उन्हें जनता को बताना चाहिए। सिंधिया का सत्याग्रह 14 जून को तीन बजे दशहरा मैदान पर शुरू हो रहा है।
MadhyaBharat
13 June 2017
All Rights Reserved ©2024 MadhyaBharat News.
Created By: Medha Innovation & Development
|