नीलगिरी पौधा खरीदा में करप्शन को लेकर विपक्ष का हंगामा
 छत्तीसगढ़ विधानसभा

 

रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा में गुरुवार को पौधों की खरीदी को लेकर विपक्ष ने हंगामा किया। साढ़े 8 रुपए का नीलगिरी पौधा 732 रुपए में खरीद कर 73 करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए विपक्ष ने सदन से वॉकआउट किया।

वनमंत्री महेश गागड़ा ने खरीदी में किसी भी तरह की गड़बड़ी से इंकार किया। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष के पास कोई दस्तावेज है तो उपलब्ध कराए, परीक्षण करा लूंगा। जरूरत पड़ी तो कार्रवाई भी की जाएगी।

कांग्रेस विधायक मोहन मरकाम ने कांकेर वन वृत्त में 2015-16 में पौधा खरीदी को लेकर सवाल किया। उन्होंने कहा कि 732 रुपए में एक पौधा खरीदा गया है। मरकाम ने दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि इस खरीदी में 73 करोड़ 20 लाख की गड़बड़ी हुई है। उन्होंने इसकी जांच की मांग की।

वनमंत्री ने प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि कहीं कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। इस पर भूपेश बघेल सहित विपक्ष के कई सदस्य अपनी जगह पर खड़े हो गए और जांच की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। विरोध में कांग्रेसियों ने नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव के नेतृत्व में सदन से वॉकआउट कर दिया।