Since: 23-09-2009
अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की हर हरकत पर मुंबई पुलिस की नजर रहती है, लेकिन हाल ही में हत्थे चढ़े उसके भाई इकबाल कास्कर ने जो खुलासा किया है, वो पुलिस के लिए चौंकाने वाला है।
पूछताछ में इकबाल कास्कर ने बताया है कि दाऊद की बीवी मेहजबीन शेख पिछले साल मुंबई आई थी। वह अपने पिता से मिलने भारत आई थी।
मालूम हो, इकबाल कास्कर अपने भाई दाऊद के राज खोलता जा रहा है। इससे पहले उसने बताया था कि दाऊद पाकिस्तान में ही है।
इकबाल को ठाणे पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने इसी हफ्ते गिरफ्तार किया है। उसने अपने ताजा खुलासे में बताया है कि दाऊद की बीवी को लोग जुबीना जरिन के नाम से भी जानते हैं।
वह 2016 में अपने पिता सलीम कश्मीरी से मिलने मुंबई आई थी। सलीम कश्मीर अपने परिवार के साथ मुंबई में ही रहते हैं। इस मुलाकात के बाद दाऊद की बीवी गुपचुप तरीके से भारत से बाहर चली गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इकबाल कास्कर ने दाऊद के चार पते बताए हैं। ये सभी पते कराची के हैं। दाऊद, अपने भाई अनीस इब्राहिम और सहयोगी छोटा शकील के साथ पाकिस्तान के इस शहर की पॉश कॉलोनी में रहता है।
अनीस मुंबई में अपने परिवार को ईद या अन्य मौकों पर फोन करता रहता है। दाऊद ऐसा नहीं करता है, क्योंकि उसे डर है कि कहीं उसके कॉल भारतीय खुफिया एजेंसियों द्वारा ट्रेस न कर लिए जाएं।
अधिकारियों के अनुसार, इकबाल कास्कर से दाऊद के स्वास्थ्य को लेकर कई सवाल पूछे गए हैं। उसने बताया है कि दाऊद सेहतमंद है और जैसा कि भारतीय मीडिया में खबरें दी गई हैं कि उसके कई अंग खराब हो चुके हैं, ऐसा नहीं है।
MadhyaBharat
23 September 2017
All Rights Reserved ©2024 MadhyaBharat News.
Created By: Medha Innovation & Development
|