Since: 23-09-2009
छात्रा की मां की शिकायत पर विधायक के खिलाफ अपहरण और अड़ीबाजी का मामला भी दर्ज
अटेर से कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे को ब्लैकमेल करने के आरोप में जेल में बंद छात्रा की शिकायत पर विधायक कटारे के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया गया है। छात्रा की मां की शिकायत पर भी विधायक के खिलाफ अपहरण और अड़ीबाजी का मामला रजिस्टर्ड हो गया है। जेल से शिकायत के बाद दुष्कर्म का केस दर्ज होने का संभवतः यह पहला मामला है।
24 जनवरी को क्राइम ब्रांच ने विधायक कटारे की शिकायत पर एक 21 वर्षीय छात्रा को ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार किया था। उसके पास से अड़ी डालकर वसूले गए 5 लाख रुपए भी बरामद किए गए थे। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने आरोपी छात्रा को 25 जनवरी को कोर्ट में पेश किया था। जहां से उसे 14 दिन के लिए जेल भेज दिया गया था।
भोपाल व दिल्ली में किया दुष्कर्म
सेंट्रल जेल में बंद छात्रा ने जेल से हस्त लिखित शिकायत डीआईजी धर्मेंद्र चौधरी को भेजी थी। उसे जांच के लिए एएसपी धर्मवीरसिंह को दिया था। जांच के बाद गुरुवार रात विधायक कटारे के खिलाफ महिला थाने में दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया गया। छात्रा ने आरोप लगाया गया है कि कटारे ने उससे कई बार बलात्कार किया और बाद में उसे एक झूठे मामले में फंसा दिया। युवती ने शिकायत में बताया है कि एक एनजीओ के कार्यक्रम में कटारे से उसकी मुलाकात हुई थी। उन्होंने उसका नंबर लिया था और पहली बार उनके अरेरा कॉलोनी स्थित जिम में उससे दुष्कर्म किया था। इस दौरान कटारे ने उसके कुछ फोटो ले लिए थे। उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर बाद में कई बार उससे दुष्कर्म किया। एक बार वह उसे जबरदस्ती दिल्ली भी ले गए थे। वहां एक होटल में भी उसके साथ रेप किया था। इस मामले में एसपी (साउथ) राहुल कुमार लोढ़ा ने बताया कि कटारे के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। इस मामले में छात्रा के कोर्ट में बयान दर्ज कराएंगे। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
छात्रा की मां ने 31 जनवरी को डीआईजी भोपाल को एक लिखित शिकायत की थी। उसमें आरोप लगाया था कि 27 जनवरी को दिन में विधायक हेमंत कटारे अपने तीन साथियों के साथ उसके घर पहुंचे थे। वह डरा-धमकाकर उसे जबरन अपने साथ ले गए थे। इस दौरान उनसे कुछ कागजातों पर साइन भी कराए गए थे। साथ ही धमकी देते हुए उनके पक्ष में एक वीडियो तैयार किया था। इसके बाद वे लोग उसे छोड़कर चले गए थे। इस मामले में थाना स्टेशन बजरिया में विधायक कटारे के खिलाफ अपहरण और अड़ीबाजी का केस दर्ज कर लिया गया है।
डीआईजी धर्मेंद्र चौधरी ने बताया छात्रा द्वारा जेल से भेजी गई लिखित शिकायत और छात्रा की मां के द्वारा की गई शिकायत की जांच के बाद विधायक हेमंत कटारे के खिलाफ अलग-अलग थानों में दुष्कर्म और अपहरण,अड़ीबाजी का केस दर्ज किया गया है।
MadhyaBharat
3 February 2018
All Rights Reserved ©2024 MadhyaBharat News.
Created By: Medha Innovation & Development
|