दंतेवाड़ा जिले में किसानों को मिलेगी 17.77 करोड़ की सूखा राहत
dantewada

दंतेवाड़ा जिले के किसानों को प्राकृतिक आपदा से राहत देने सरकार ने फसल बीमा और सूखा राहत से करोड़ों की राशि दे रहा है। यह राशि उनके खाते में जमा हो रही है। खरीफ सीजन 2017-18 में अल्प वर्षा से हुए फसल नुकसान के बाद जिले में 17 हजार 708 किसानों के लिए 17 करोड़ 77 लाख 48 हजार 229 रुपए स्वीकृत हुए हैं।

इसी तरह पीएम फसल बीमा योजना से सात करोड़ 25 लाख 71 हजार 200 रुपए की क्षतिपूर्ति दी जा रही है। यह जानकारी आज मीडिया से रूबरू होते कलेक्टर सौरभ कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि किसानों को आरबीसी की 6-4 के तहत स्वीकृत राशि संबंधित किसानों के खाते में जमा किए जा रहे है।

अब तक 11 करोड़ 94 लाख 12 हजार 24 रुपए की राशि 12 हजार 268 किसानों के बैंक खाते में जमा करा दी गई है। इसके अलावा जिनके बैंक खाते और भू- राजस्व अधिकार पत्र में मिलान नहीं हो पा रहा है, उन्हें चेक दिया जा रहा है। अब तक पांच हजार 40 किसानों को चेक के माध्यम से पांच करोड़ 83 लाख 36 हजार 225 रुपए दिए जा चुके हैं।

कलेक्टर ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने खरीफ सीजन 2017 में चार हजार 399 किसानों ने पंजीयन करवाया था। उनके नाम 9 हजार 615 हेक्टेयर रकबा भूमि की फसल का बीमा हुआ था। कंपनी ने जिले के तीन हजार 269 किसानों के सात हजार 153 हेक्टेयर रकबा में ली गई फसल की क्षतिपूर्ति राशि देगा। यह राशि सात करोड़ 25 लाख 71 हजार 200 रुपए आंकी गई है।

कलेक्टर के मुताबिक अब तक एक हजार 497 किसानों के नाम एक करोड़ 66 लाख 36 हजार 300 रुपए की क्षतिपूर्ति राशि भुगता किया गया है। यह किसानों के तीन हजार 246 हेक्टेयर भूमि में ली गई फसल की है। कलेक्टर सौरभ कुमार ने बताया कि जिले में एक हजार 772 किसानों के नाम तीन हजार 907 हेक्टेयर रकबा के लिए पांच करोड़ 59 लाख 34 हजार 900 रुपए की क्षतिपूर्ति राशि का शीघ्र भुगतान होगा। यह राशि किसानों के खाते में सीधे जमा होगी।