मोदी सरकार के 51 मंत्री करोड़पति
modi

नई दिल्ली। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत हो चुकी है। शुरुआती मंत्रिमंडल में 57 मंत्री बनाए गए हैं। इन मंत्रियों में से ज्यादातर मंत्री करोड़पति हैं। ये खुलासा एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट में हुआ है। ADR रिपोर्ट के मुताबिक 57 मंत्रियों में से 51 मंत्री करोड़पति हैं। ये मंत्रिमंडल का नब्बे फीसदी से ज्यादा हैं। एक मीडिया रिपोर्ट में ADR के हवाले से बताया गया है कि हर मंत्री के पास औसतन 14.72 करोड़ की संपत्ति है।

रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि 57 में से 22 मंत्रियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं जो मंत्रिमंडल का 39 फीसदी है। इनमें से 16 मंत्रियों(मंत्रिमंडल का लगभग 29 प्रतिशत) पर हत्या का प्रयास, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ना, आचार संहिता उल्लंघन जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।

ADR ने 26 मई को जारी रिपोर्ट में कहा था कि नई लोकसभा के 542 सांसदों में से 475 सदस्य करोड़पति हैं। इस सूची में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ 660 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ टॉप पर हैं। उन्होंने छिंदवाड़ा सीट से चुनाव लड़ा और जीता है। शीर्ष तीन सांसदों में कांग्रेस के सदस्य ही हैं। एडीआर ने 539 नए सांसदों के हलफनामों का विश्लेषण करने के बाद ये जानकारी दी थी।

औसत संपत्ति की अगर बात करें, तो लोकसभा चुनाव में हर विजेता सांसद की संपत्ति औसतन 20.93 करोड़ रुपए है। नई लोकसभा में 266 सदस्य हैं जिनकी संपत्ति 5 करोड़ या उससे अधिक है। बता दें कि साल 2009 में लोकसभा में चुने गए 315 प्रत्याशी करोड़पति थे, 2014 में यह संख्या 443 पहुंच गई थी।