सांसद प्रज्ञा फ्लाइट के स्टाफ के आचरण से नाखुश
Pragya Singh Thakur

पसंद की सीट नहीं मिलने पर विमान में  दिया धरना

 

स्पाइस जेट की दिल्ली उड़ान से भोपाल आ रहीं सांसद साध्वी प्रज्ञासिंह ठाकुर को पसंद की सीट नहीं मिली तो वे विमान के अंदर ही धरने पर बैठ गईं |   एयरपोर्ट डायेरक्टर के अनुरोध पर वे विमान से उतरीं |   बाद में उन्होंने स्पाइस जेट प्रबंधन के खिलाफ सेवाओं में कमी की शिकायत दर्ज कराई  | साध्वी प्रज्ञा ने विमान में धरना दिए जाने से इंकार किय है | 

साध्वी प्रज्ञा शनिवार शाम को दिल्ली से स्पाइस जेट की उड़ान संख्या एसजी 2489 से भोपाल आ रही थीं |  विमान के अंदर उन्हें सीट नंबर 2-ए दी गई |   सांसद चाहती थीं कि प्रोटोकाल के लिहाज से उन्हें सीट नंबर ए-1 दी जाए, लेकिन यह सीट पहले ही दूसरे यात्री को दी जा चुकी थी |   शाम 7 बजे विमान राजाभोज एयरपोर्ट पर लैंड हुआ  | भोपाल के सभी यात्री उतर गए, लेकिन साध्वी नहीं उतरीं |  वे विमान के अंदर ही धरने पर बैठ गईं  | स्पाइस जेट के स्टाफ ने भी उनसे नीचे आने का अनुरोध किया,लेकिन वे नहीं मानीं | बाद में एयरपोर्ट डायरेक्टर अनिल विक्रम विमान के अंदर पहुंचे और सांसद से धरना समाप्त करने का अनुरोध किया  | एपीडी के अनुरोध पर वे 20 मिनट बाद नीचे उतरीं |  एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंज पहुंचकर उन्होंने स्पाइस जेट की सेवाओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई  | उनके विमान से समय पर नहीं उतरने के कारण यह विमान भोपाल से 20 मिनट की देरी से वापस दिल्ली रवाना हुआ | हांलांकि प्रज्ञा ने विमान में धरना देने को गलत बताया है | 

साध्वी प्रज्ञा एयरपोर्ट से होते हुए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष भगवानदास सबनानी के साथ संत हिरदारामजी की कुटिया पर पहुंचीं  | यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि स्पाइस जेट की सेवाएं ठीक नहीं हैं  |   कंपनी अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ रही है  | मैंने जो सीट बुक कराई थी वह नहीं दी गई | मैंने धरना नहीं दिया है, लेकिन सेवाओं में  कमी की शिकायत दर्ज कराई है  | साध्वी ने कहा कि स्पाइस जेट ने इसके पहले भी एक महिला राज्यपाल के आगमन के समय सही सर्विस नहीं दी थी  |