दिल्ली में 8 फरवरी को डाले जाएंगे वोट
 DELHI ASSEMBLY ELECTION

11 फरवरी को आएंगे दिल्ली के  नतीजे

 

चुनाव आयोग ने दिल्ली चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है |  मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि दिल्ली में 8 फरवरी को चुनाव होगा  | यह एक चरण में होगा और  11 फरवरी को नतीजे आएंगे |  दिल्ली में 13 हजार 750 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे  | 

2020 में दिल्ली में 1 करोड़ 46 लाख 92 हजार 136 वोटर्स हो गए हैं जो चुनाव में अपने मत का प्रयोग  करेंगे |  दिल्ली में 2689 जगहों पर वोटिंग की जाएगी और  90 हजार सरकारी कर्मचारी चुनाव प्रबंधन संभालेंगे | चुनाव  आयुक्त ने बताया कि बुजुर्ग लोग पोस्टल बैलेट के जरिये भी वोट डाल सकेंगे  |  इसके लिए उन्हें 5 दिन पहले फॉर्म जमा करना होगा |  चुनाव घोषणा के साथ दिल्ली में आदर्श आचार संहिता तत्काल लागू हो गई है  | 14 जनवरी को चुनाव के लिए नोटिफिकेशन होगा |  21 जनवरी तक उम्मीदवार पर्चा दाखिल कर सकेंगे  |  22 जनवरी को स्क्रूटनी होगी | आठ फरवरी को मतदान होगा और उसके बाद 11 फरवरी को चुनाव के परिणाम आएंगे  | 

दिल्ली में पिछले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने अन्य दलों का पूरी तरह से सूपड़ा साफ कर दिया था | अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में आप पार्टी ने दिल्ली की 70 सीटों में से 67 सीटों पर कब्जा जमा लिया था |  इस बार भाजपा AAP को यह प्रदर्शन दोहराने नहीं देना चाहेगी |  इसी वजह से भाजपा ने दिल्ली में अपना चुनावी कैंपेन तेज कर दिया है | वहीं दूसरी ओर सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी सूबे की जनता के लिए कई लोक लुभावन घोषणाएं कर दी हैं | लोकसभा चुनाव में बड़ी सफलता हासिल करने वाली भाजपा विधानसभा चुनाव में लगातार पिट रही है |  मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान गंवाने के बाद हाल ही में भाजपा के हाथ से महाराष्ट्र और झारखंड की सत्ता भी जा चुकी है |  ऐसे में भाजपा के लिए दिल्ली चुनाव को जीतना काफी चुनौती भरा रह सकता है