योगी आदित्यनाथ: घुसपैठियों की वकील बनी कांग्रेस
YOGI ADITYANATH

सीएए के समर्थन में सभा एवं रैली का हुआ आयोजन  

 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने  ग्वालियर में कहा कि कांग्रेस को आज भी शरणार्थी और घुसपैठियों में अंतर महसूस नहीं होता है  |  देश के अंदर लगातार घुसपैठ से आतंकवाद, अलगाववाद, नक्सलवाद को पनपाने वालों की वकालत कांग्रेस और सहयोगी दल कर रहे हैं  |  आपातकाल लगाकर जिस कांग्रेस ने संविधान का चीरहरण किया था, जिन लोगों ने खुद संविधान का गला घोंटा था, लोकतंत्र को रौंदकर एक परिवार के हाथ गिरवी रखने का काम किया था |  वही आज संविधान बचाने की बात कर रहे हैं  | 

जनजागरण मंच द्वारा नागरिकता संशोधन कानून   के समर्थन में सभा एवं रैली का आयोजन किया गया  | सभा में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस के नेता और सहयोगी दल कहते हैं कि वे अपने राज्यों में नागरिकता संशोधन कानून लागू नहीं होने देंगे  | क्या यह देश के संविधान को चुनौती नहीं दी जा रही है   क्या कांग्रेस एक बार फिर देश के संविधान का गला घोंटने का काम नहीं कर रही है? योगी की सभा के बाद शहर में सीएए पर जागरूकता रैली निकाली गई  इसमें हजारों  लोग शामिल हुए | योगी ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून की आड़ में कांग्रेस समेत विपक्ष ने देश में आगजनी, तोड़फोड़ और अराजकता का वातावरण पैदा करने का कुत्सित कार्य किया है |  इसलिए देश की जनता के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए हम सबको जनता के बीच आकर वस्तुस्थिति से अवगत कराना पड़ा है | 

योगी ने कहा नागरिकता कानून, नागरिकता देने के लिए है, किसी की नागरिकता लेने वाला कानून नहीं है |  यह भारत के हित में और 1950 में हुए नेहरू-लियाकत समझौते की उस कड़ी को आगे बढ़ाने का परिष्कृत रूप ही है | मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि लाखों लोगों की हत्या जिस पाकिस्तान के नाम पर की गई, वह आज भी देश-दुनिया के लिए नासूर बना हुआ है |  इस नासूर का जनक जिन्ना है | उन्होंने कहा कि लोगों का कहना था कि राम मंदिर पर फैसला आएगा और खून की नदियां बहेंगी  |  इस पर मैंने कहा था कि एक मच्छर भी नहीं मरेगा |