सिंहस्थ में आएंगे पाँच करोड़ श्रद्धालु
सिंहस्थ में आएंगे पाँच करोड़ श्रद्धालु
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आगामी सिंहस्थ से दुनिया को मानव कल्याण का संदेश पहुँचे। मध्यप्रदेश के धार्मिक पर्यटन का विश्वव्यापी प्रचार हो। आयोजन की सनातन परम्परा के अनुरूप श्रेष्ठतम और सुन्दरतम व्यवस्थाएँ की जाये। सिंहस्थ के सभी कार्य स्तरीय तथा पारदर्शी प्रक्रिया से समय पर पूरे किये जाये।श्री चौहान भोपाल में सिंहस्थ की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ धार्मिक पर्यटन का एक ऐतिहासिक और बड़ा अवसर है। इससे जुड़ी सभी व्यवस्थाएँ बेहतर, योजनाबद्ध और समय-सीमा में हो। सिंहस्थ में सनातन स्वरूप के साथ वर्तमान की प्रासंगिक समस्याओं पर विचार हो। इसके माध्यम से दुनिया को पर्यावरण बचाने, सब धर्मों की मूलभूत एकता, नैतिक शिक्षा और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया जाये। बताया गया कि उज्जैन में वर्ष 2016 में होने वाले सिंहस्थ में करीब 5 करोड़ श्रद्धालु के आने की संभावना है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ के बारे में पूरी दुनिया को जानकारी देकर लोगों को आमंत्रित करें। भारतीय मूल के दुनियाभर में बसे लोगों को भी आमंत्रित किया जाये। आयोजन में आधुनिकतम तकनीक का उपयोग करें। सिंहस्थ की तैयारियों में जन-प्रतिनिधियों और जनता की भागीदारी रहे। सिंहस्थ के लिये क्षिप्रा के घाटों का विश्व-स्तरीय सौन्दर्यीकरण किया जाये। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ संबंधी सभी कार्यों के लिये पारदर्शी प्रक्रिया अपनायी जाये तथा गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाये। वे हर माह सिंहस्थ की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।बैठक में बताया गया कि सिंहस्थ मेला क्षेत्र के लिये 4000 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत की जायेगी। अप्रैल 2016 से दो माह का यह आयोजन शुरू होगा। प्रशासनिक व्यवस्था के लिये मेला क्षेत्र में 6 जोन, 16 सेक्टर और 42 थाने बनाये गये हैं। सिंहस्थ का प्रथम स्नान 22 अप्रैल, शाही स्नान 21 मई तथा अन्य स्नान 9, 11, 17 और 19 मई 2016 को होंगे। इस दौरान पंचक्रोषी यात्रा 1 से 6 मई 2016 तक होगी। सिंहस्थ के लिये जी.आई.एस. आधारित व्यवस्था की जायेगी। रेलवे द्वारा छह फ्लेग स्टेशन बनाये जायेंगे। सिंहस्थ के दौरान करीब 20 हजार प्रशासनिक, 23 हजार पुलिस तथा 60 हजार वालेंटियर्स का अमला लगेगा। सिंहस्थ के 4000 हेक्टेयर क्षेत्र को धार्मिक, सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों के लिये शहर के रूप में प्लान किया जायेगा। यातायात प्रबंधन की आधुनिक व्यवस्थाएँ की जायेंगी। सिंहस्थ के लिये राज्य शासन द्वारा करीब 773 करोड़ रूपये लागत के 144 कार्य स्वीकृत किये गये हैं। सिंहस्थ के दौरान स्नान के लिये सवा सात किलोमीटर लंबे घाटों का सौन्दर्यीकरण तथा नये घाटों का निर्माण किया जायेगा। मेला अवधि के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।बैठक में मुख्य सचिव अन्‍टोनी डिसा, पुलिस महानिदेशक सुरेन्द्र सिंह सहित सभी संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, उज्जैन के संभागायुक्त, कलेक्टर तथा सिंहस्थ की व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।