फोन टेपिंग मामले में देवेंद्र फडणवीस से उनके आवास पर पुलिस ने की पूछताछ
mumbai,Police questioned ,Devendra Fadnavis,phone tapping case

मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुंबई पुलिस बहुचर्चित फोन टेपिंग मामले में उनके ही आवास पर पूछताछ कर रही है। मुंबई पुलिस की साइबर टीम पुलिस तबादलों में हुए भ्रष्टाचार की खबर लीक होने से सम्बंधित सवाल भी कर रही है। उधर, देवेंद्र फडणवीस से हो रही पूछताछ का विरोध भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई ने किया है। इसलिए सूबे के हर जिलों में देवेंद्र फडणवीस को भेजी गई नोटिस जलाकर भाजपा कार्यकर्ता पुलिस कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं।

देवेंद्र फडणवीस के आवास पर पुलिस उपायुक्त हेमराज राजपूत तथा सहायक पुलिस आयुक्त नितीन जाधव के नेतृत्व में साइबर पुलिस की टीम 12 बजे पहुंची और पूछताछ शुरू की। इससे पहले मुंबई पुलिस की साइबर टीम ने देवेंद्र फडणवीस को रविवार को दिन में 11 बजे आवास पर ही हाजिर रहने का आदेश जारी किया था। इसके बाद देवेंद्र फडणवीस ने पत्रकार वार्ता कर कहा कि वे जांच में सहयोग करेंगे। इसके बाद पुलिस ने तय किया कि पुलिस खुद देवेंद्र फडणवीस के घर जाकर पूछताछ करेगी। इसी आधार पर पुलिस आज देवेंद्र फडणवीस के आवास पर जाकर पूछताछ कर रही है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने शनिवार को ही हर जिले में देवेंद्र फडणवीस को भेजी गई नोटिस जलाने व प्रदर्शन करने का आदेश जारी किया था। इसके फलस्वरुप आज सूबे के हर जिलों में भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। चंद्रकांत पाटिल ने बताया कि विपक्षी नेता के रूप में देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस तबादलों में हो रहे भ्रष्टाचार से संबंधित फोन टेपिंग का पेन ड्राइव केंद्रीय गृह सचिव को दी है।