भगवंत मान पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री बने
chandigarh,Bhagwant Mann ,17th Chief Minister , Punjab

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी विधायक दल के नेता भगवंत मान ने बुधवार को पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़ कलां में भगवंत मान को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान खटकड़ कलां पूरी तरह से बसंती रंग में रंगा नजर आया। भगवंत मान की अपील के अनुसार लोग बसंती रंग की पगड़ी पहनकर पहुंचे। समारोह स्थल पर तीन मंच तैयार किए गए। एक मंच पर पंजाब के नवनिर्वाचित विधायक, दूसरे पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के अलावा दिल्ली सरकार के कई मंत्री तथा विधायक मौजूद रहे। केजरीवाल समेत मंच पर मौजूद तमाम नेता बसंती रंग की पगड़ी पहने थे।

तीसरे और मुख्य मंच पर पंजाब के राज्यपाल और भगवंत मान के अलावा पंजाब के मुख्य सचिव अनिरुद्ध तिवारी और मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव वेणु प्रसाद मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के लिए राज्यपाल ने दोपहर 12ः30 बजे का समय निर्धारित किया था। राज्यपाल पुरोहित समारोह स्थल पर दोपहर करीब 12 बजे पहुंच गए थे। उन्होंने शहीद भगत सिंह मेमोरियल पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। राज्यपाल को करीब 45 मिनट भगवंत मान का इंतजार करना पड़ा। बताया गया कि विजिबिल्टी के कारण भगवंत मान का हेलीकाप्टर देरी से पहुंचा।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाबी में शपथ ग्रहण की। शपथ लेने के बाद भगवंत मान ने इंकलाब जिंदाबाद का नारा लगाया। समारोह में दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन, गोपाल राय समेत मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह में पंजाब के प्रसिद्ध लोकगायक गुरदास मान, कॉमेडियन करमजीत अनमोल के अलावा कांग्रेस सासंद एवं लोकगायक मोहम्मद सद्दीक का पहुंचना चर्चा का विषय बना रहा।