मणिपुर के मुख्यमंत्री पद पर एन. बीरेन सिंह को मिलेगा दूसरा कार्यकाल
Manipur ,Chief Minister ,N. Biren Singh

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मणिपुर के मुख्यमंत्री पद के लिए एन. बीरेन सिंह के नाम पर सहमति जता दी है। विधायक दल की बैठक में एन. बीरेन सिंह के नाम पर मुहर लगाई जाएगी।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय नेतृत्व ने एन. बीरेन सिंह के नाम पर अपनी सहमति दे दी है। पार्टी ने उन्हें बतौर मुख्यमंत्री दूसरा कार्यकार देने का मन बना लिया है।

केंद्रीय पर्यवेक्षक वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कानून मंत्री किरेन रिजिजू के उपस्थिति में विधायक दल की बैठक में सिंह को नेता चुने जाने की औपचारिकता पूरी की जाएगी।

मणिपुर विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। चुनाव नतीजों के बाद से मोदी के साथ उनकी यह पहली मुलाकात है।

प्रधानमंत्री मोदी ने मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया, “एन बीरेन सिंह से मुलाकात की और हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में भाजपा मणिपुर की शानदार जीत पर उन्हें बधाई दी। हमारी पार्टी मणिपुर के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए और अधिक मेहनत करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

बीरेन सिंह ने ट्वीट किया, “मुझे आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करने का सौभाग्य मिला। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में, मणिपुर ने शांति और विकास देखा है, जिसके लिए राज्य के लोग तरस रहे थे। लोगों की सेवा के लिए मोदी जी का जोश हमें हमेशा प्रेरित करता रहेगा।”