नए मुख्यमंत्री के नाम पर कल लगेगी मुहर
dehradoon, Uttarakhand,new Chief Minister , stamped tomorrow

देहरादून। उत्तराखंड का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर कल मुहर लग जाएगी। मंगलवार शाम चार बजे एक होटल में भाजपा के विधानमंडल दल की बैठक होगी। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय पर्यवेक्षक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी करेंगी।

कई दिनों से दिल्ली के केंद्रीय नेताओं के बीच उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन चल रहा था। बताया जा रहा है कि पार्टी आलाकमान ने मुख्यमंत्री का नाम लगभग तय कर लिया है। अब इस पर विधानमंडल दल की बैठक में मुहर लगना शेष रह गया है। भाजपा ने सभी विधायकों को कल देहरादून में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।

उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के कई जिलों में कल होली मनाई गई। इस कारण कुमाऊं मंडल से भाजपा के निर्वाचित विधायक कल अपने-अपने क्षेत्रों में थे। हालांकि अधिकांश विधायक आज देहरादून पहुंच गए हैं। केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह और मीनाक्षी लेखी कल देहरादून पहुंचने वाली हैं।

पार्टी के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि विधानमंडल दल की बैठक की जानकारी थोड़ी देर में सभी निर्वाचित विधायकों को दे दी जाएगी। उन्होंने बताया कि एक-दो दिनों में मुख्यमंत्री का भी शपथ ग्रहण समारोह तय हो जाएगा। इस बार का समारोह भव्य और दिव्य होगा। समारोह में हर वर्ग के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।

उत्तराखंड के पांचवें विधानसभा चुनाव में सभी 70 सीटों पर एक साथ 14 फरवरी को मतदान हुआ था। चुनाव का नतीजा 10 मार्च को आया था। चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।

इस चुनाव में भाजपा ने 70 में से 47 सीटें जीतीं हैं। कांग्रेस को 19 सीटों पर जीत मिली है। 2 सीटों पर बसपा को जीत मिली है और 2 सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव जीते हैं।