पश्चिमी विक्षोभ ने रोकी तापमान की चाल
gwalior, Western Disturbance, stopped movement, temperature

ग्वालियर। जम्मू-कश्मीर की ओर बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान में बने प्रेरित चक्रवात ने बढ़ते तापमान की चाल को रोक दिया है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से पिछले दो दिनों से अधिकतम तापमान में जहां गिरावट दर्ज की जा रही है वहीं न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो से तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में वृद्धि की संभावना नहीं है।

यहां बता दें कि गत 20 मार्च को ग्वालियर में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। इसके बाद इसमें निरंतर गिरावट दर्ज की जा रही है जबकि मौसम निरंतर शुष्क बना हुआ है। मंगलवार को भी मौसम शुष्क रहा जिसके चलते रोज की तरह आज भी धूप काफी तेज रही। हवाएं भी उत्तर-पश्चिमी चलीं। जिनकी गति करीब चार किलोमीटर प्रति घंटा थी। मौसम विभाग के अनुसार इस समय उत्तरी पाकिस्तान में एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है जो जम्मू-कश्मीर की ओर बढ़ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान में एक प्रेरित चक्रवात भी बना हुआ है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से हवा में नमी बढऩे लगी है। इसी कारण अधिकतम तापमान में गिरावट और न्यूनतम तापमान में आंशिक वृद्धि हो रही है। यह स्थिति अगले दो से तीन दिनों तक और रहेगी। इसके बाद तापमान में वृद्धि का सिलसिला शुरू होगा और गर्मी बढ़ेगी।

 

स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 3.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 3.1 डिगी सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 58 और शाम को 27 प्रतिशत दर्ज की गई।