कम्युनिस्ट पार्टी और भाजपा में कई समानताएं
chine
 
cm शिवराज ने चीन में कहा एक दूसरे से सीखें bjp और कम्युनिस्ट 
 
मुख्यमंत्री ने भारत और चीन दोनों देशों की सभ्यताओं और स्वर्णिम इतिहास के संबंध में चर्चा करते हुये कहा कि दुनिया की चालीस प्रतिशत जनसंख्या भारत और चीन में रहती है। इस प्रकार यह चीन और भारत के हित में है कि दोनों देश साथ-साथ काम करें और आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि पिछले दो सालों में भारत और चीन के बीच संबंध मजबूत हुये हैं। यह प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टी और भाजपा में कई समानताएं हैं और दोनों को एक-दूसरे से सीखना चाहिए।
 
मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने  चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के अंतर्राष्ट्रीय विभाग के मंत्री और वरिष्ठ राजनयिक श्री सांग ताओ एवं कम्युनिस्ट पार्टी के सचिवालय के और राजनैतिक ब्यूरों के सदस्य श्री झाओ लेजी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने मध्यप्रदेश में पिछले एक दशक में अपनाई विकास रणनीतियों और जनोन्मुखी नीतियों की सराहना की।
 
श्री ताओ कम्युनिस्ट पार्टी के अंतर्राष्ट्रीय समन्वय विभाग के प्रमुख के बतौर भी काम कर रहे हैं। वे 1975 से चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्य हैं। चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की केन्द्रीय समिति का अंतर्राष्ट्रीय संबंध और समन्वय विभाग अन्य देशों के राजनैतिक दलों के साथ विदेशी संबंधों का संचालन करता है। यह अन्य राजनैतिक दलों के साथ संबंधों को स्थापित करने और मजबूत बनाने के लिये भी काम करता है। श्री ताओ ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत करते हुये उनके सम्मान में भोज का आयोजन किया। करीब दो घंटे चली चर्चा में कई महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत हुई।
 
मुख्यमंत्री ने श्री ताओ को मध्यप्रदेश की विशेषताओं की जानकारी दी और बताया कि कैसे उन्होंने प्रदेश में अपनी विकास रणनीतियों, नीतियों और गरीब कल्याण कार्यक्रमों के कारण विकास के क्षेत्र में उपलब्धियाँ हासिल की। मुख्यमंत्री ने उन्हें पिछले दस सालों में महिलाओं के सशक्तिकरण, सिंचाई सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने, कृषि उत्पादन बढ़ाने, अधोसंरचना मजबूत करने और औद्योगिक विकास करने के लिये उठाये गये कदमों की भी विस्तार से जानकारी दी।
 
कम्युनिस्ट पार्टी के पदाधिकारी की हैसियत से श्री ताओ यह जानने में उत्सुक थे कि भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक शक्तियाँ क्या है, इसका ढाँचा कैसा है और यह कैसे कार्य करती है। मुख्यमंत्री ने विस्तार से उन्हें भाजपा की संगठनात्मक शक्ति, इसके विभिन्न कैडर और निर्धन लोगों की समृद्धि के प्रति प्रतिबद्धता के संबंध में बताया। मुख्यमंत्री ने उन्हें इंदौर में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भाग लेने के लिये आमंत्रित किया और बताया कि ऐसी बैठकें और संवाद भारत के अन्य राज्यों में भी होते हैं। मध्यप्रदेश में युवा उद्यमियों के साथ संवाद शुरू किया गया है।
 
श्री ताओ ने कम्युनिस्ट पार्टी की प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी और भविष्य के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। श्री ताओ मध्यप्रदेश में हुई कृषि क्षेत्र की प्रगति और इसके लिये अपनाई गई रणनीतियों की सराहना की।
 
झाओ लेजी के साथ मुलाकात
चौहान ने कम्युनिस्ट पार्टी के सचिवालय के और राजनैतिक ब्यूरों के सदस्य श्री झाओ लेजी से भी मुलाकात की। वे शाऔक्सि प्रांत की पीपुल्स कांग्रेस की स्थाई समिति के अध्यक्ष भी हैं।
 
श्री झाओ लेजी ने मुख्यमंत्री को बताया कि चाईना के ग्रेट हॉल में ही विश्व के प्रमुखतम नेताओं का स्वागत कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा किया जाता है। उन्होंने बताया कि ग्रेट हॉल में मुख्यमंत्री श्री चौहान और उनके शिष्ट मंडल का स्वागत शाऔक्सि प्रांत के लिये गर्व का क्षण है।
 
श्री झाओ ने भविष्य में कम्युनिस्ट पार्टी की प्रतिबद्धता, कार्यक्रमों और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने मध्यप्रदेश की विकास नीतियों और कार्यक्रमों के बारे में भी विशेष रूचि दिखाई। मुख्यमंत्री ने उन्हें ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में आने का न्यौता दिया।
 
 
Attachments area