सीएम शिवराज ने दी सातवें वेतनमान की सौगात
shivraj singh svatntrta divs

 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वतंत्रता दिवस पर राज्य के मुख्य कार्यक्रम में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में राज्य के सरकारी कर्मचारियों को सातवें वेतनमान की घोषणा की। रोजगार की संभावनाओं को तलाशने के लिए रोजगार कैबिनेट का गठन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर पुलिस, जेल, नगर सेना के अधिकारियों व कर्मचारियों को विभिन्न राष्ट्रपति पदकों से सम्मानित भी किया।

 

मुख्यमंत्री ने लालपरेड मैदान स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में ध्वजा रोहण कर प्रदेश की जनता को संबोधित किया। आसमान में तीन रंगों के गुब्बारों को छोड़ा। उन्होंने कहा कि रोजगार की संभावनाओं को तलाशने के लिए रोजगार कैबिनेट गठन के साथ ही इसके लिए अभियान भी चलाया जाएगा।

 

दैनिक वेतन भोगियों को स्थायी कर्मियों की तरह किया जाएगा और उन्हें नियमित कर्मचारियों की तरह वेतन-भत्ते, अनुकंपा नियुक्ति आदि मिलने लगे, यह किया जा रहा है। योग्य दैनिक वेतन भोगियों को दूसरे विभागों में समायोजित करने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

 

मुख्यमंत्री चौहान ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों को जहां सातवें वेतनमान की सौगात दी वहीं अध्यापक संवर्ग के कर्मचारियों को छठवें वेतनमान देने का भी ऐलान किया। कार्यभारित कर्मचारियों को उनकी मृत्यु के बाद आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों खरीदी गई प्याज के भंडार को अब गरीबों में मुफ्त में बंटने की भी स्वतंत्रता दिवस समारोह कार्यक्रम में ऐलान किया।