जेट्रो का दिल्ली-मुम्बई औद्योगिक कारिडोर के लिए एमओयू
जेट्रो  का  दिल्ली-मुम्बई औद्योगिक कारिडोर के  लिए एमओयू
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जापान के दौरान जापान एक्सटर्नल ट्रेड आर्गेनाइजेशन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिरोयूक इशिगे से निवेश संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने निवेशकों के सेमीनार को संबोधित किया।श्री हिरोयूक इशिगे ने व्यापार और निवेश बढ़ाने के लिये किये गये नीतिगत सुधारों के लिये मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सराहना की। जापान एक्सटर्नल ट्रेड आर्गेनाइजेशन ने दिल्ली-मुम्बई औद्योगिक कारिडोर में भागीदारी की रूचि दिखाई। इसके लिये जापान एक्सटर्नल ट्रेड आर्गेनाइजेशन और मध्यप्रदेश के बीच एमओयू पर भी हस्ताक्षर हुए।मुख्यमंत्री चौहान ने व्यापारिक संघों के प्रमुखों और निवेशक समुदाय के सेमीनार को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश में निवेश करने के लाभ गिनाये। उन्होंने कहा कि जापान की कंपनियों के लिये जल्दी ही जापान एक्सटर्नल ट्रेड आर्गेनाइजेशन के साथ मिलकर संवाद कार्यक्रम किया जायेगा।श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जापान यात्रा का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। उद्योग समुदाय उत्साहित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का करिश्माई नेतृत्व और उनकी दृष्टि देशवासियों के लिये वरदान सिद्ध हो रही है। श्री चौहान ने निवेशकों से आग्रह किया कि वे मध्यप्रदेश पधारें। मध्यप्रदेश विकासोन्मुखी राज्य है और निवेश के लिये सभी जरूरी अधोसंरचनाएँ स्थापित कर ली हैं। विगत वर्षों में प्रदेश की विकास दर दो अंक में हासिल कर भारतीय राज्यों में सबसे ज्यादा है।