उद्योगपतियों को करों में दी जा रही छूट जारी रहेगी
 सीईओ कॉन्क्लेव

इंदौर में सीईओ कॉन्क्लेव में शिवराज सिंह 

मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जीएसटी लागू होने के बाद भी उद्योगपतियों को करों में वर्तमान में दी जा रही छूट जारी रखी जायेगी। श्री चौहान  इंदौर में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट सीईओ कॉन्क्लेव को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सी.ई.ओ. कान्क्लेव में कहा कि मध्यप्रदेश शांति का द्वीप है। प्रदेश सरकार द्वारा सिटीजन चार्टर लागू कर शासन की सभी प्रक्रियाओं को समय सीमा में पूरा करने की व्यवस्था की गयी है। औद्योगिक निवेश के लिए प्रदेश में एकल खिड़की प्रणाली लागू की गई है। प्रदेश में निवेश की व्यापक संभावनाएँ हैं। मध्यप्रदेश की औद्योगिक विकास दर 10 प्रतिशत और कृषि विकास दर 20 प्रतिशत से भी अधिक है। प्रदेश सरकार की इन्वेस्टमेंट फ्रेंडली इण्डस्ट्रियल पॉलिसी है। प्रदेश सरकार और वह स्वयं निवेशकों के स्वागत के लिये दिल खोलकर तैयार है। उन्होंने उद्योगपतियों को विश्वास दिलाया कि वह स्वामी विवेकानन्द जी के शिष्य है, जो कहते हैं वह करते हैं। आप विश्वास के साथ मध्यप्रदेश आये, सरकार आपके स्वागत के लिए तैयार खड़ी है। उन्होंने कहा कि समिट का उद्देश्य भी निवेशकों की जिज्ञासाओं का समाधान करना है। 

मुख्यमंत्री ने चर्चा के दौरान कहा कि प्रदेश में सवा लाख हेक्टेयर का लेण्ड बैंक है, जिसमें 50 हजार हेक्टेयर विकसित भूमि है। उन्होंने बताया कि किसान अपनी जमीन उद्योग को लीज पर दे सकें, इसके लिये केन्द्र सरकार से कानून में संशोधन करने का आग्रह किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में काम करने वाली कम्पनियों को वेट का 100 प्रतिशत रियम्बर्स किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार पीपीपी मोड पर स्किल डेव्हलपमेंट करने को तैयार है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार सूक्ष्म और लघु औद्योगिक इकाइयों को भी भरपूर मदद करने को तैयार है। 

उद्योग मंत्री  राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि आज देश में निवेश की बात होती है तो मध्यप्रदेश का नाम सबसे पहले लिया जाता है। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की इच्छाशक्ति के कारण प्रदेश सरकार निवेशकों को हर तरह की सुविधा देने के लिये तैयार है। प्रदेश में सुदृढ़ अधोसंरचना तैयार की गई है, जिसमें सड़क, पानी, बिजली जैसी सभी सुविधाएँ सरकार द्वारा तत्परता के साथ औद्योगिक इकाइयों को उपलब्ध करवाई जाएंगी। 

इस अवसर पर प्रदेश के वित्त मंत्री  जयंत मलैया,  मुख्य सचिव अन्टोनी डिसा, औद्योगिक समूह हिन्दूजा ग्रुप के चेयरमेन जी.पी. हिन्दूजा, आदित्य बिरला ग्रुप के कुमार मंगलम बिरला, वीडियोकॉन ग्रुप के  वेणूगोपाल एन. धूत, सीमेंस लिमिटेड के  सुनील माथुर, इन्फोसिस ग्रुप के  गोपालकृष्णन, अपोलो ग्रुप की सुश्री शोभना सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के सीईओ और सहआयोजक देशों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।