बसंत प्रताप सिंह मध्यप्रदेश के नए मुख्य सचिव
mpबसंत प्रताप सिंह  नए मुख्य सचिव

भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1984 बैच के अधिकारी  बसंत प्रताप सिंह मध्यप्रदेश के नए मुख्य सचिव होंगे। श्री सिंह वर्तमान में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव हैं। श्री सिंह 1 नवम्बर 2016 से इस दायित्व कानिर्वहन करेंगे। वर्तमान मुख्य सचिव श्री अन्टोनी डिसा 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

राज्य शासन ने आज श्री बसंत प्रताप सिंह को अपर मुख्य सचिव गृह के वर्तमान दायित्व के साथ-साथ पदेन विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी मुख्य सचिव कार्यालय , घोषित करने संबंधी आदेश जारी किया है।

मध्यप्रदेश में जिन अधिकारियों ने मुख्य सचिव का जिम्मा सम्हाला है उनमें सर्वश्री एच. एस. कामथ, आर. पी. नरोन्हा, एम. पी. श्रीवास्तव, आर. पी. नायक, आर. पी. नरोन्हा, एम. एस. चौधरी, एस. सी. वर्मा, के. एल. पसरीचा, बी. के. दुबे, जी. जगतपति, बीरबल, ब्रम्हस्वरूप, के. सी. एस. आचार्य, एम. एस. सिंहदेव, आर. एन. चोपड़ा, आर. एस. खन्ना, आर. पी. कपूर, श्रीमती निर्मला बुच, एन. एस. सेठी, एस. सी. बैहार, के. एस. शर्मा, पी. के. मल्होत्रा, ए.वी. सिंह, बी. के. साहा, विजय सिंह, आर. सी. साहनी, अवनि वैश, आर. परशुराम एवं अन्टोनी डिसा शामिल हैं।

बसंत प्रताप सिंह का जीवन परिचय

 मध्यप्रदेश के नए मुख्य सचिव श्री बसंत प्रताप सिंह 1984 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। मूलत: उत्तरप्रदेश के निवासी श्री सिंह का जन्म 1 जुलाई 1958 को हुआ। श्री सिंह ने इलाहाबाद विश्वव़िद्यालय से दर्शन शास्त्र में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की। श्री सिंह की प्रथम पदस्थापना जून 1985 में सहायक कलेक्टर बिलासपुर हुई। श्री सिंह एस डी ओ सीहोरा तथा धर्मजयगढ़ रहने के साथ-साथ अतिरिक्त कलेक्टर बैकुंठपुर भी रहे। जिला कलेक्टर के रूप में श्री सिंह ने पन्ना, दुर्ग तथा ग्वालियर की कमान सम्हाली। श्री सिंह मध्यप्रदेश बीज विकास निगम, आप्टेल, लघु उद्योग निगम, के प्रबंध संचालक रहे। भारत सरकार में श्री सिंह कपड़ा मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर पदस्थ रहे। इंदौर संभागायुक्त रहने के अलावा श्री सिंह ने प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा, राजस्व तथा वन का भी अलग-अलग कार्यकाल में दायित्व सम्हाला। वर्तमान में श्री सिंह एक मई 2015 से अपर मुख्य सचिव गृह के पद पर पदस्थ हैं।

श्री सिंह ने सेवाकाल के दौरान लंदन से चेंज मैनेजमेंट तथा क्वांटिटेटिव मैथड्स एंड ऑपरेशन रिसर्च फॉर पब्लिक विषय पर इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट बैंगलुरु से प्रशिक्षण प्राप्त किया।