Since: 23-09-2009
भोपाल। कांग्रेस नेता राहुला गांधी की लोकसभा सदस्यता निरस्त होने के बाद देशभर में सियासी पारा उछाल पर है। एक तरफ जहां कांग्रेस प्रदर्शन कर अपना विरोध जता रही है तो वहीं भाजपा नेता बयानबाजी कर हमला बोल रहे है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस पूरे मामले को लेकर राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी ने कभी भी संसद की गरिमा का पालन नहीं किया और हमेशा विवादित बयान देते रहे है। इसी के साथ मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि आज कांग्रेस देश के लिए एक समस्या है और राहुल गांधी कांग्रेस की समस्या बन गए हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने शनिवार को पौधरोपण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कांग्रेस के लोग मुंह पर ताला लगाकर बैठे हैं। राहुल गांधी जी, आपने उस समय अपने मुंह पर ताला क्यों नहीं लगाया, जब आपने मोदी जी, मोदी जाति के बारे में अपमानजनक बातें कही? आपने ओबीसी का अपमान किया। आपको ओबीसी के अपमान का हक किसने दिया? क्या पिछड़े वर्ग में पैदा होना पाप है?
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राहुल जी, यह ताला आपके और कांग्रेसियों के मुंह पर क्यों नहीं लगा? आज ताला लगाने की नौटंकी कर रहे हैं। सही बात यह है कि आज कांग्रेस देश के लिए समस्या है और कांग्रेस की समस्या राहुल गांधी हैं। राहुल गांधी जी, यह ताला आपके मुंह पर तब लगना चाहिये, जब आपने न्यायपालिका का अपमान किया था। आपने कहा कि मैं दुर्भाग्य से सांसद हूं। संसद का अपमान किया। आपने संसद सदस्य रहते हुए कुछ कहने के बाद जिस ढंग से आंख मारी थी, वो पूरे हिन्दुस्तान ने देखी थी। क्या यह सांसद की गरिमा है?
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल जी, आप पहले भी विवादित बयान देते रहे हैं। आपने पंजाब और यूपी के युवाओं का मजाक उड़ाया, मंदिर में जाने वालों को छेडख़ानी करने वाला बताया। सर्जिकल स्ट्राइक और सेना पर भी आपने सवाल उठाया। जब श्री मनमोहन सिंह जी प्रधानमंत्री थे, तब आपने ऑर्डिनेंस फाडक़र उनका अपमान किया था।
MadhyaBharat
25 March 2023
All Rights Reserved ©2024 MadhyaBharat News.
Created By: Medha Innovation & Development
|