चुनाव फंड के लिए जूझती कोंग्रेस
 शहडोल  लोकसभा उप चुनाव

आर्थिक संकट से जूझ रही कांग्रेस शहडोल  लोकसभा उप चुनाव की प्रत्याशी हिमाद्री सिंह और उनके कार्यकर्ताओं को सम्मानजनक चुनावी फंड नहीं दे पाई है। खुद हिमाद्री सिंह ने पार्टी के  महामंत्री और प्रभारी मोहन प्रकाश के सामने अपनी यह पीड़ा व्यक्त की है। हिमाद्री सिंह की शिकायत के बाद मोहन प्रकाश ने पार्टी के कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा से शहडोल और नेपानगर विधानसभा प्रत्याशियों के लिए चुनावी फंड उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। कांग्रेस के फॉर्मेट में लोकसभा प्रत्याशी के लिए 75 फीसदी और विधानसभा के लिए 50 फीसदी फंड दिया गया है। दोनों ही प्रत्याशी चुनावी खर्चे को लेकर अपना दर्द पार्टी के दिग्गज नेताओं के सामने दर्ज कर रहे हैं। विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि अभी तक नेपानगर और शहडोल में चुनाव संचालकों को इस बार कम राशि मिलने से प्रचार में परेशानी हो रही है।

प्रदेश के उप चुनावों को छोड़कर पूर्व मंत्री विजय लक्ष्मी साधौ इन दिनों उत्तर प्रदेश में सक्रिय हैं। इधर, पीसीसी अध्यक्ष अरुण अकेले पड़ गए हैं। कांग्रेस का कोई बड़ा नेता शहडोल और नेपानगर चुनाव प्रचार में नहीं पहुंच रहा है। साधौ को एआईसीसी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में झांसी जोन की जिम्मेदारी दी है। यहां पर कुछ दिनों बाद राहुल संदेश यात्रा निकाली जानी है। साधौ यात्रा की तैयारियां कर रही हैं। इसके बाद वे दलित यात्रा की तैयारी में जुटेगी। राहुल संदेश यात्रा के बाद उत्तर प्रदेश में दलित यात्रा कांग्रेस निकालने जा रही है।

इस मामले में दिग्विजय सिंह ने भी मोतीलाल वोरा से अतिरिक्त धनराशि देने का आग्रह किया है। विदित है कि पार्टी के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने शहडोल उप चुनाव की जिम्मेदारी संभाल रखी है और कांग्रेस प्रत्याशी आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं।