मध्यम वर्ग के कल्याण की नई योजनाएँ बनाई जायेंगी
खुला संवाद

चौहान ने नागरिकों से किया खुला संवाद 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है मध्यम वर्ग के कल्याण की नई योजनाएँ बनाई जायेंगी। हर गरीब परिवार को मकान और जमीन का मालिक बनाने के लिये कानून बनाया जायेगा। मुख्यमंत्री के रूप में श्री चौहान के 11 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर आज यहाँ स्थानीय आचार्य नरेन्द्र देव नगर वासियों ने भव्य स्वागत किया। फूलों से उन पर वर्षा की और घर-घर दीपक जलाए। मुख्यमंत्री ने वट वृक्ष के नीचे “शिव का संवाद” कार्यक्रम में लोगो से उनकी समस्याओं और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में चर्चा की।

श्री चौहान ने स्थानीय नागरिकों के आग्रह पर कहा कि नगरवासियों की सभी समस्याओं के समाधान के लिए 15 दिन के भीतर शिविर लगाया जाएगा और सभी पात्र लोगों को राशन कार्ड  उपलब्ध करवाया जाएगा। शिविर में कलेक्टर एवं अन्य सक्षम अधिकारी उपस्थित रहेंगे और लोगों की समस्याओं का निराकरण करेंगे। श्री चौहान ने कहा कि उन्होंने लोगों के परिवार के मुखिया के रूप में सरकार चलाई है। मुख्यमंत्री ने लोगों से सवाल जवाब किए। उन्होंने कहा कि जनता सुखी होगी तभी चैन से सो पाउँगा। उन्होंने कहा कि वे सेवक के रूप में काम कर रहे हैं।

सहकारिता राज्य मंत्री  विश्वास सारंग ने कहा कि श्री शिवराज सिंह ने कल्याण और विकास की राजनीति करते हुए भारतीय राजनीति को नई दिशा दी है।

स्थानीय युवा श्री गोविंद पटेल ने कहा कि उन्हें 25000 की स्कॉलरशिप मिली है और वह मुंबई में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। एक महिला आशा राजपूत ने बताया कि उनकी बेटी को मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता मिली और वे मुंबई में पढ़ने के बाद नौकरी कर रही है। लोगों ने बताया की राशन की दुकान में अंगूठे का निशान मशीन पर नहीं आने के कारण उन्हें राशन मिलने में दिक्कत जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना मशीन के भी वे राशन ले सकेंगे। एक अन्य नागरिक मोहम्मद जमशेद आलम ने कहा कि जब से शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री बने हैं, पूरे प्रदेश में  अमन है। सुशील कुमार तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता के कारण उनकी बेटी को शिक्षा लोन मिला और वह लंदन में पढ़ाई कर जॉब कर रही है। श्री प्रेम सिंह ठाकुर ने बाढ़ के दौरान संकट के समय को याद करते हुए बताया कि कैसे मुख्यमंत्री  ने प्रभावित परिवारों की मदद की थी। डॉक्टर मोहम्मद रेहान  सिद्दीकी ने कहा कि सरकार की योजनाओं से गरीब मुस्लिम परिवारों को बहुत लाभ हुआ है।

इसके बाद श्री चौहान टीटी नगर पहुँचे और विकास के नाम पर दीप जलाया। इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष श्री नन्द कुमार सिंह चौहान, विधायक श्री सुरेन्द्र नाथ सिंह और भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित थे। श्री चौहान ने युवाओं का आव्हान किया कि वे केन्द्र और राज्य शासन की जन-कल्याणकारी योजनाओं की जनता को जानकारी दें और उन्हें लाभ लेने के लिये प्रेरित करें।