Since: 23-09-2009
मध्यप्रदेश में सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों को छात्रवृत्ति का भुगतान उनके बैंक खाते में एक साथ पहुँचे, इसके लिये स्कूल शिक्षा विभाग ने इस वर्ष 'मिशन वन क्लिक'' योजना शुरू की है। योजना में कक्षा-1 से 12 में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के खाते में छात्रवृत्ति पहुँचायी गयी है।
मुख्यमंत्री निवास पर 12 जनवरी को हुई विद्यार्थी पंचायत में 'मिशन वन क्लिक'' के माध्यम से 65 लाख छात्र के बैंक खातों में 400 करोड़ की राशि एक साथ ट्रांसफर की गयी है। कार्यक्रम के जरिये प्रधानमंत्री के डिजिटल इण्डिया कार्यक्रम और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के लक्ष्य को हासिल किया गया। समेकित छात्रवृत्ति योजना में राज्य सरकार के 8 विभाग की 30 प्रकार की छात्रवृत्ति वितरित की गयी है। मिशन वन क्लिक एनआईसी के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें विद्यार्थियों को ऑनलाइन छात्रवृत्ति स्वीकृति एवं वितरण की जानकारी को समग्र शिक्षा पोर्टल पर डाला गया है।
छात्रवृत्ति स्वीकृति एवं वितरण की सभी जानकारी पोर्टल पर पब्लिक डोमेन पर भी उपलब्ध है। छात्र अथवा पालक पोर्टल पर विद्यार्थी की समग्र आई.डी. दर्ज कर छात्रवृत्ति वितरण की स्थिति की जानकारी ले सकते हैं। देशभर में पहला ऐसा मौका है, जब किसी स्थान पर इतने अधिक विद्यार्थी को एक साथ इतनी बड़ी राशि हस्तांतरित की गयी है। जिन 8 विभाग को मिशन वन क्लिक में शामिल किया गया है, उनमें अनुसूचित-जाति, अनुसूचित-जनजाति, पिछड़ा वर्ग अल्पसंख्यक कल्याण, सामाजिक न्याय, घुमक्कड़, अर्द्ध-घुमक्कड़, भवन-सह-निर्माण कर्मकार मण्डल, कृषि मण्डी और सामाजिक न्याय विभाग प्रमुख हैं।
मिशन वन क्लिक योजना में इस वर्ष 82 लाख छात्रों को 500 करोड़ की छात्रवृत्ति की स्वीकृति दी गयी है। 400 करोड़ की राशि छात्रों के खाते में पहुँच गयी है। खातों की त्रुटि सुधारने के बाद शेष राशि भी छात्रों को उनके बैंक खातों में शीघ्र पहुँचायी जा रही है।
MadhyaBharat
All Rights Reserved ©2023 MadhyaBharat News.
Created By:
![]() |