भोपाल नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुँचे मुख्य सचिव परशुराम
भोपाल नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुँचे मुख्य सचिव परशुराम
विकास कार्यों को गति देने के दिये निर्देशमहेश दुबेमुख्य सचिव श्री आर.परशुराम ने आज भोपाल नगर का भ्रमण किया। मुख्य सचिव ने पुराने शहर सहित शहर के लगभग 10 स्थान पर विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने नगर में बेहतर यातायात व्यवस्था, बड़े तालाब सहित नगर की अन्य वाटर बॉडीज के संरक्षण, पुरातात्विक और पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण इमारतों और उपनगरीय विकास का आकार ले रहे पीपलनेर क्षेत्र में भोपाल विकास प्राधिकरण के आवासीय प्रोजेक्ट का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर श्री निकुंज कुमार श्रीवास्तव और आयुक्त नगर निगम श्री रजनीश श्रीवास्तव साथ थे।मुख्य सचिव श्री परशुराम ने न्यू मार्केट क्षेत्र में प्रस्तावित बहुस्तरीय पार्किंग व्यवस्था के स्थान का जायजा लिया। उन्होंने टेलीफोन एक्सचेन्ज के सामने प्रस्तावित मल्टी लेविल पार्किंग के प्रस्ताव को शीघ्र अमल में लाने के लिए कहा। मुख्य सचिव ने श्यामला हिल्स स्थित बारादरी से बड़े तालाब क्षेत्र में किये जा रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने बोट क्लब का भी निरीक्षण किया। मुख्य सचिव ने कमला पार्क से वीआइपी रोड, मोती मस्जिद रोड को जोड़ने वाले डॉ. शंकरदयाल शर्मा चौराहा पर प्रस्तावित फ्लाई ओवर ब्रिज के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि यातायात की सुगमता के साथ-साथ कमला पार्क की बण्ड पर प्रेशर को कम किया जाए।मुख्य सचिव ने बीआरटीएस के तहत प्रस्तावित पॉलीटेक्निक चौराहे से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के चौराहे तक के मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने पुराने शहर के गिन्नौरी, बुधवारा, इब्राहीमपुरा, मोती मस्जिद, नूरमहल, पीरगेट, भोपाल टॉकीज और शाहजहांनाबाद क्षेत्र की सड़कों का भी जायजा लिया। उन्होंने मोतिया तालाब, मुंशी हुसैन खां तालाब का जायजा लिया और इन तालाबों के संरक्षण के लिये प्रस्तावित कार्य योजना की जानकारी कलेक्टर और नगर निगम कमिश्नर से प्राप्त की। उन्होंने कहा कि बड़े तालाब के साथ-साथ हमें भोपाल के अन्य तालाबों और वाटर बॉडीज को भी सहेजने की जरूरत है।श्री परशुराम ने पुरातात्विक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इमारत ताजमहल का भी अवलोकन किया। मोतिया तालाब के किनारे बनी इस इमारत के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन करने के बाद मुख्य सचिव ने कहा कि इसे एक महत्वपूर्ण पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने इमारत को पर्यटन केन्द्र के रूप में इसे विकसित करने की रूपरेखा तैयार करने को कहा।मुख्य सचिव श्री परशुराम ने शहर के नादरा बस स्टेण्ड पहुँचकर वहाँ की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बस स्टेण्ड का विकास किया जाये और यहाँ कारोबार करने वालों के हितों का भी ध्यान रखा जाये। इसके बाद मुख्य सचिव ने काली परेड से अयोध्या बाय-पास को जोड़ने वाले निर्माणाधीन ओवर ब्रिज के कार्य का जायजा लिया। उन्होंने इसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिये।श्री परशुराम पीपलनेर क्षेत्र में भोपाल विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही आवासीय कॉलोनी,एयरो सिटी भी पहुँचे। उन्होंने यहाँ पर बीडीए द्वारा 6 हजार प्लाट की आवासीय परियोजना में उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बीडीए के सीईओ श्री कुमार पुरूषोत्तम से कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना में हॉकर कार्नर का प्रावधान करने को कहा। उन्होंने बीडीए द्वारा इस बसाहट को एयरो सिटी का नया नाम देने पर कहा कि नामाकरण पहले के गाँव के नाम पर जरूर रखे ताकि पुरानी पहचान भी कायम रह सके।