अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का शुभारम्भ किया मुख्यमंत्री ने
कवि सम्मेलन

मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान हिन्दू नव वर्ष गुडी पड़वा पर भोपाल के  न्यू मार्केट में आयोजित कवि सम्मलेन में शामिल हुए। हिन्दू नव वर्ष पर हर साल सांस्कृतिक आयोजन की श्रृंखला में कर्मश्री संस्था द्वारा पिछले 15 साल से इसका आयोजन किया जा रहा है। कवि सम्मेलन में ख्यातिनाम कवियों ने कविताएँ सुनाई। 

श्री चौहान ने कवि सम्मेलन के शुभारंभ के बाद प्रसिद्ध गीतकार श्री संतोष आनंद , कवि श्री सत्यनारायण सत्तन और अन्य कवियों का सम्मान किया। इस अवसर पर कर्मश्री संस्था की ओर से मुख्यमंत्री का नागरिक अभिनन्दन किया गया। न्यू मार्केट व्यापारी संघ ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। फ़ोटोग्राफर श्री गोविन्द चौरासिया ने नर्मदा सेवा यात्रा के छायाचित्र का संग्रह श्री चौहान को भेंट किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत महान राष्ट्र है। इसकी महान सांस्कृतिक परंपराएं हैं। उन्होंने कहा कि भारत सभी विचारों का सम्मान करता है। उन्होंने नर्मदा सेवा यात्रा की चर्चा करते हुए कहा कि नदियों को बचाना जरूरी हो गया है। नदियों को गन्दा करने का काम अंग्रेज कर गए। नए साल में नर्मदा के दोनों किनारों पर पेड़ लगाने का अभियान शुरु होगा। आगामी दो जुलाई को एक साथ  वृक्षारोपण होगा। एक अप्रैल से नर्मदा के तटों की शराब की दुकानें बंद हो जायेंगी। पूरे प्रदेश में शराबबंदी का अभियान चलेगा। उन्होंने नशामुक्त समाज बनाने और बेटियो की रक्षा करने का संकल्प दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियो का अनादर करने वालो को फांसी देने के लिए विधेयक पारित किया जायेगा। इसकी अनुमति के लिए केंद्र को भेजा जाएगा।

विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश का अभूतपूर्व विकास किया है। उन्होंने कहा कि नर्मदा मध्यप्रदेश की पहचान है। मुख्यमंत्री ने नर्मदा और बेटियो को बचाने का संकल्प लिया है।

इस अवसर पर विधायक श्री सुरेंद्र नाथ सिंह , भोपाल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री ओम यादव, पूर्व महापौर श्रीमती कृष्णा गौर तथा सभी धर्म के गुरु उपस्थित थे।