फ्लाई ओवर का विदिशा में शिलान्यास
फ्लाई ओवर का विदिशा में शिलान्यास
मध्यप्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री बाबूलाल गौर और वित्त मंत्री राघवजी ने विदिशा में प्रदेश के पहले फ्लाई ओवर का शिलान्यास किया। उन्होंने विदिशा नगर के रैन बसेरा का लोकार्पण भी किया।नगरीय प्रशासन मंत्री बाबूलाल गौर ने इस मौके पर कहा कि शहरी क्षेत्र में रहने वाले गरीब तबके की भलाई के लिए प्रदेश सरकार ने अनेक योजना चलायी हैं। श्री गौर ने विदिशा शहर के विभिन्न विकास कार्यों के लिए 15 करोड़ की राशि दिए जाने की भी घोषणा की।वित्त मंत्री राघवजी ने कहा कि विदिशा में बनने वाला फ्लाई ओवर प्रदेश का पहला है। उन्होंने कहा कि फ्लाई ओवर का काम 6 माह में पूरा किया जाएगा। वित्त मंत्री ने बताया कि विदिशा शहर के मध्य से गुजरने वाले एनएच-86 के निर्माण के लिए 6 करोड़ की राशि राज्य सरकार ने उपलब्ध करवायी है। इस राशि से ईदगाह चौराहे से पीतल मिल चौराहे तक सड़क निर्माण करवाया जाएगा। कार्यक्रम को राज्यसभा सदस्य चौधरी मुनव्वर सलीम ने भी सम्बोधित किया।इस मौके पर विदिशा शहर को धूल एवं कचरे से छुटकारा दिलाये जाने के लिए प्रारंभ की गई डस्टबिन-फ्री योजना का भी शुभारंभ किया गया।