आध्यात्मिक विरासत को संजोये रखना जरूरी
आध्यात्मिक विरासत को संजोये रखना जरूरी
वेद विद्यालय का भूमि-पूजनएमपी के ऊर्जा तथा खनिज साधन मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि हमारे देश की विशेषता है कि आध्यात्मिक और धर्म की शक्तियाँ यहाँ मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि अपने देश की अनमोल सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संजोये रखना बेहद जरूरी है। श्री शुक्ल सतना जिले के मैहर में माँ शारदा धाम में करीब एक करोड़ रुपये लागत से बनने वाले वेद विद्यालय का भूमि-पूजन कर रहे थे।श्री शुक्ल ने कहा कि हमारे देश के मंत्रों और श्लोकों में बहुत शक्तियाँ हैं। प्राकृतिक आपदाओं को किनारे करने और उनसे निजात पाने में आध्यात्म और धर्म की शक्तियाँ मददगार होती हैं। यह शक्तियाँ जनता को सुख और समृद्धि प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि लोगों में पाण्डित्य की शिक्षा के प्रति रुझान घट रहा है। पवित्र और सुप्रसिद्ध स्थल मैहर में पुरोहिताई और पाण्डित्य की शिक्षा गुरुकुल में ग्रहण करने के बाद विद्वतजन समाज और देश के कल्याण में अपना योगदान दें। ऊर्जा मंत्री ने आशा व्यक्त की कि वेद विद्यालय की स्थापना से विरासत में मिले इस स्थान की गरिमा का और भी संवर्धन होगा।इस अवसर पर बताया गया कि आने वाली पीढ़ी पूजा-पाठ में दक्ष बनें इस धारणा को ध्यान में रखते हुए मैहर में वेद विद्यालय की स्थापना की जा रही है। यह 50 सीटर आवासीय विद्यालय होगा। विद्यालय में पढ़ने वाले शिष्यों को वस्त्र और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था रहेगी। विद्यालय का संचालन शारदा प्रबंध समिति करेगी। कार्यक्रम में विद्यालय की स्थापना पर मुस्लिम वेलफेयर कमेटी मैहर द्वारा ऊर्जा मंत्री श्री शुक्ल का सम्मान किया गया।