उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाएँ सम्मानित
उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाएँ सम्मानित
महिलाओं की चुप्पी सुरक्षा में बाधक संस्कृति मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने आज यहाँ परोपकारिणी महिला मंडल द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।श्री शर्मा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली पद्मश्री मेहरून्निसा परवेज, कला के लिए कथक नृत्यांगना . अनुराधा सिंह, चिकित्सा सेवा के लिए डॉ. किरण ग्रोवर, शिक्षा क्षेत्र के लिए डॉ. भावना श्रीवास्तव, पत्रकारिता के लिए श्रावणी सरकार, उद्योग के लिए अमिता श्रीवास्तव को सम्मानित किया। संस्कृति मंत्री ने संस्था की वार्षिक स्मारिका ‘समिधा’ का विमोचन भी किया।श्री शर्मा ने कहा कि महिलाओं ने आज श्रेष्ठता हासिल कर उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया है। मध्यप्रदेश सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएँ बनाई हैं, जिससे महिलाओं को लाभ हुआ है और उनमें जागरूकता आई है। उन्होंने संस्था द्वारा किये जा रहे सामाजिक कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि ऐसी संस्थाओं को आगे आकर समाज और देश के लिए कार्य करना चाहिए।मध्यप्रदेश लेखिका संघ की अध्यक्ष श्रीमती उषा जायसवाल ने ‘महिलाओं की चुप्पी सुरक्षा में बाधक‘ विषय पर कहा कि महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा के साथ समग्र जागृति और आत्म-निर्भर बनाना आवश्यक है। डॉ. साधना गंगराड़े ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था के उद्देश्यों की जानकारी दी। संस्था की सचिव श्रीमती विजया रायकवार ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समाजसेवी, साहित्यकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।