बिलासपुर का पारा 49 डिग्री,टूटे पुराने रिकॉर्ड
बिलासपुर पारा 49 डिग्री

 

छत्तीसगढ़ में गर्मी ने सोमवार को आज तक की गर्मी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बिलासपुर में पारा दोपहर ढाई बजे के बाद 49.3 डिग्री तक जा पहुंचा। मौसम विज्ञानियों ने बताया कि ढाई बजे तक तापमान 46 डिग्री था। इसके बाद पारा अचानक ही चढ़ता गया।

बिलासपुर मौसम केंद्र ने जब इसकी जानकारी रायपुर मुख्यालय को दी तो यहां हड़कंप मच गया। केंद्र्र के निदेशक प्रकाश खरे ने इसकी पुष्टि करने के लिए थर्मामीटर की वीडियो रिकॉर्डिंग मंगवाई। इसके बाद ही शाम को विभाग से जानकारी सार्वजनिक की गई। विज्ञानियों ने आने वाले दो दिनों में रायपुर का अधिकतम तापमान 47 डिग्री तक पहुंचने की आशंका जताई है। बचाव के साधनों के बिना लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।

मौसम केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि हालांकि उनके पास सिर्फ 2007 से ही तापमान के आंकड़े मौजूद हैं, लेकिन राज्य में आज तक पारा 49 डिग्री तक पहुंचने की अधिकृत जानकारी नहीं है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंचा, न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री रहा। 

मौसम केंद्र से मिली जानकारी के दर्ज जानकारी के अनुसार 1988 में रायपुर का अधिकतम तापमान 47.9 डिग्री तक पहंुचा था। इसे प्रदेश का अब तक दर्ज अधिकतम तापमान माना जा रहा था। 2013 में बिलासपुर का तापमान 47.4 डिग्री दर्ज किया। इसे अब तक का रिकार्ड माना जा रहा था।