आमिर खान ने कहा बेटियों को ताकत और बेटों को सही शिक्षा दें
आमिर खान ने कहा बेटियों को ताकत और बेटों को सही शिक्षा दें
मध्यप्रदेश में गौरवी अभियान का शुभारंभ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आर्थिक और राजनैतिक सशक्तिकरण के माध्यम से महिला सशक्तिकरण किया जा सकता है। मध्यप्रदेश इस दिशा में नेतृत्व करेगा। उन्होंने समाज से महिला सशक्तिकरण के लिये साथ देने का आव्हान किया। चौहान ने यह बात भोपाल में महिला सम्मान एवं संरक्षण के गौरवी अभियान के शुभारंभ समारोह में कही। समारोह की अध्यक्षता केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने की। कार्यक्रम में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता आमिर खान विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि बेटियों के प्रति भेदभाव मानसिकता का दोष है। इसे बदलने के लिये सामूहिक प्रयास की जरूरत है। समाज में महिलाओं के प्रति नजरिया बदलने का अभियान चलाना होगा। गौरवी अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मध्यप्रदेश में बेटियों को वरदान बनाने के लिये बेटी बचाओ अभियान शुरू किया गया। मुख्यमंत्री कन्यादान और लाड़ली लक्ष्मी जैसी अभिनव योजनाएँ बनाई गई जिन्हें अन्य प्रदेशों ने भी अपनाया। प्रदेश में स्थानीय निकायों में महिलाओं के लिये 50 प्रतिशत आरक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा को रोकने के लिये समाज को आगे आना होगा। प्रदेश में गौरवी अभियान के तहत वन स्टाप क्राइसिस रिज्यूलेशन सेंटर खोले जायेंगे। मध्यप्रदेश में महिला अपराध के मामले में 15 दिन के भीतर जाँच के बाद चालान प्रस्तुत करने की व्यवस्था की गई है। इस तरह के प्रकरणों में अपराधियों को समय-सीमा में कठोर सजा दिलाई गई है।डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि मध्यप्रदेश में गौरवी अभियान शुरू कर पूरे देश के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई अनूठी योजनाएँ शुरू की हैं जिन्हें देश में अपनाया जा सकता है। जिस प्रकार पोलियो को समाप्त किया गया है। उसी प्रकार खसरा, प्याज और कुष्ठ रोग भी समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार मध्यप्रदेश को पूरा सहयोग देगी। महिला सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। महिलाओं के सम्मान की रक्षा एक संवेदनशील विषय है। महिला सुरक्षा और संरक्षण के इस अभियान में सभी विभागों की भूमिका रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य को एक बड़ा जन आंदोलन बनाने की जरूरत है। मध्यप्रदेश इस दिशा में पहल करें। उन्होंने कहा कि भोपाल में बन रहे एम्स को एम्स दिल्ली के समकक्ष बनाया जायेगा। इसे समय-सीमा में पूरा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि भोपाल का एम्स ऐसा अस्पताल है जहाँ एक पूरा परिसर आयुष को समर्पित है। सभी चिकित्सा पद्धतियों को एक साथ रखा गया है।प्रसिद्ध सिने अभिनेता-निदेशक आमिर खान अपने भाषण में कहा कि सत्यमेव जयते कार्यक्रम में पीड़ित महिलाओं को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य, मनोचिकित्सीय, कानूनी और पुलिस सहायता देने का सुझाव आया था। इस विचार को एक करोड़ से ज्यादा लोगों ने समर्थन दिया था। इस पर अमल करने में मध्यप्रदेश ने सबसे पहले पहल की, इसके लिये मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडलीय टीम बधाई की पात्र है। श्री आमिर खान ने कहा कि वे वन स्टॉप क्राइसिस रेजोल्यूशन सेंटर में पदस्थ होने वाले चिकित्सकों, कानूनी विशेषज्ञों, परामर्शदाताओं एवं अमले के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेना चाहेंगे और उनसे संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध अतिशीघ्र और पक्की कार्रवाई कर उन्हें दंड देने से ही महिलाओं के प्रति न्याय होगा और समाज में सुरक्षा का भाव आयेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों को भावनात्मक, शारीरिक और मानसिक रूप से ताकत देना होगी। इसके अलावा बेटों को सही शिक्षा देने की शुरूआत करना होगी ताकि वे बहनों और महिलाओं का सम्मान और आदर करना सीखें। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि मध्यप्रदेश की यह पहल सफल होगी और इसमें लोगों का ज्यादा से ज्यादा सहयोग मिलेगा।