अक्षरधाम, इस्कॉन, मंदिर, मस्जिद को 25 फीसदी दर पर भूमि
naya raipur

 

नया रायपुर में अक्षरधाम मंदिर (स्वामी नारायण संप्रदाय) को 10 एकड़ भूमि 25 फीसदी दर पर दी जाएगी। अन्य कई संस्थाओं को भी रियायती दर पर भूमि दी जाएगी। सरकार ने सत्य साईं हास्पिटल सहित कुछ संस्थाओं को आवंटित भूमि पर भूभाटक 1 रूपए सालाना कर दिया है। राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस पर निर्णय हुआ है।

नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल ने कहा कि धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं के नया रायपुर में आने से देश विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी। इससे निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि मंत्रिपरिषद ने अक्षरधाम को 10 एकड़, इस्कॉन को 10 एकड़, वेदमाता गायत्री ट्रस्ट को 5 एकड़, मंदिर, मस्जिद, चर्च, गुरूद्वारा के लिए एक-एक एकड़ भूमि 25 प्रतिशत दर पर दी जाएगी।

धार्मिक, आध्यात्मिक तथा सांस्कृतिक प्रयोजनों के लिए भूभाटक की राशि का 25 प्रतिशत ही संस्था को देना होगा। भूमि के कुल दर का 25 प्रतिशत भार (13.09 करोड़ रूपए) एनआरडीए वहन करेगा।

कैबिनेट ने निर्णय लिया है कि नया रायपुर के सेक्टर 2 नवागांव में 12.10 हेक्टेयर में स्थापित सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट को लीज पर दी गई भूमि की 90 साल की लीज दर 1 करोड़ 76 लाख 17 हजार 6 सौ रूपए की जगह सालाना 1 रूपए निर्धारित कर दी है।

संस्था को अब 90 साल में मात्र 90 रूपए चुकाना होगा। सत्य साईं संजीवनी हास्पिटल में बच्चों के हृदय रोग का निशुल्क इलाज किया जाता है। अब तक यहां देश विदेश के 3620 बच्चों का ऑपरेशन किया जा चुका है।

सत्य साईं हास्पिटल के नजदीक यहां आने वाले मरीजों व उनके परिजनों के ठहरने के लिए धर्मशाला के निर्माण के लिए 25 हजार वर्गफीट जमीन दी गई है। कैबिनेट ने वर्ल्ड स्प्रिचयुएल ट्रस्ट (प्रजापति ईश्वरीय विश्वविद्यालय) को सेक्टर 20 कयाबांधा में 6049.59 वर्गमीटर भूमि दी गई है।

कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में हुई चर्चा की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि हमें पीएम के संकल्प से सिद्घि तक के मंत्र पर आगे बढ़ना है। 2022 में भारत के नवनिर्माण की प्रधानमंत्री की परिकल्पना पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा हमें कोशिश करनी है कि योजनाओं का लाभ जनता को निरंतर मिले। काम की गतिशीलता को भी बढ़ाना है।