Since: 23-09-2009
जगदलपुर भाजपा कार्यालय में जिला संगठन की चल रही समीक्षा बैठक में पार्टी दो वरिष्ठ नेताओं के बीच कांकेर जिला पंचायत में एक अहम ओहदा रखने वाली नेत्री ने कांकेर भाजपा जिलाध्यक्ष पर बैड टच (गलत इरादे से किया जाने वाला स्पर्श) का आरोप लगाया है। जैसे ही उन्होंने अपनी बात सार्वजनिक रूप से रखी, सन्नाटा पसर गया। बाद में वरिष्ठ नेता ने उनसे अलग कमरे में बात की। इस घटना को लेकर पार्टी के भीतर व शहर में दिनभर चर्चा होती रही।
कांकेर जिला संगठन की शुक्रवार रात समीक्षा के दौरान नेत्री ने खड़े होकर संगठन सह महामंत्री सौदान सिंह व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक से शिकायत की कि भाजपा जिलाध्यक्ष हलधर साहू ने गलत इरादे से उन्हें स्पर्श किया है। नेत्री ने रायपुर प्रवास के दौरान हुई इस घटना का ब्यौरा भी दिया कि बस में ठीक उनके पीछे की सीट पर साहू बैठे थे। यह भी बताया कि इस घटना के बाद से संगठन से उन्हें किनारे लगा दिया गया है। किसी कार्यक्रम की सूचना नहीं दी जाती।
सूत्रों के मुताबिक इस पर दोनों वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि समीक्षा बैठक में ऐसी बातें नहीं की जानी चाहिए। बाद में उन्होंने नेत्री से अलग कमरे में बात कर मामले की जानकारी ली। इधर इस घटनाक्रम के बारे में बताने से पार्टी के सभी जिम्मेदार बचते रहे। मीडिया कार्यालयों में भी फोन कर भाजपा नेता जानकारी लेते रहे। इस संबंध में उक्त नेत्री के मोबाइल पर संपर्क का कई बार प्रयास किया गया, लेकिन स्विच ऑफ बताता रहा।
बैठक संगठनात्मक मुद्दों पर ही केंद्रित रही। पार्टी से जुड़े किसी भी पदाधिकारी अथवा कार्यकर्ता ने व्यक्तिगत रूप से किसी की शिकायत नहीं की है। माहौल बिगाड़ा जा रहा है। हलधर साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष कांकेर
MadhyaBharat
All Rights Reserved ©2022 MadhyaBharat News.
Created By:
![]() |