जबलपुर में विकसित होंगी नौकायन और साइकिलिंग की राष्ट्र स्तरीय सुविधाएँ
जबलपुर में विकसित होंगी नौकायन और साइकिलिंग की राष्ट्र स्तरीय सुविधाएँ
जबलपुर में राष्ट्र स्तरीय नौकायन और साइकिलिंग की सुविधाएँ विकसित की जायेंगी। इस कार्य में सेना भी सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के समक्ष आज ब्रिगेडियर अजीत सिंह ने नौकायन और साइकिलिंग सुविधाओं के विस्तार के बारे में प्रस्तुतीकरण किया।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जबलपुर में साइकिलिंग अकादमी स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया जाय। उन्होंने नौकायन के लिये आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने के लिये राज्य सरकार द्वारा अपेक्षित सुविधाएँ उपलब्ध करवाने की सहमति दी। बैठक में बताया गया कि जबलपुर में विश्व-स्तरीय नौकायन और साइकिलिंग की आदर्श संभावनाएँ हैं। बरगी डेम और गौर नदी में नौकायन के लिये बेहतर स्थान हैं। इसी तरह जबलपुर में रानीताल में पूर्व में 5 करोड़ की लागत से साइकिलिंग का वेलोड्रम बनाया गया था। इसे सुधार कर पुन: तैयार किया जा सकता है। जबलपुर में उपलब्ध जल-संरचनाओं में विश्व-स्तरीय वॉटर स्पोर्टस टूरिज्म विकसित किया जा सकता है। यहाँ ओलम्पिक के लिये खिलाड़ी तैयार किये जा सकते हैं। प्रस्तुतीकरण के दौरान पूर्व मंत्री अजय विश्नोई, कर्नल सत्यजीत, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव इकबाल सिंह बैंस, प्रमुख सचिव खेल डॉ. एम. मोहन राव, मुख्यमंत्री के ओएसडी सुधीर सक्सेना और खेल संचालक उपेन्द्र जैन भी उपस्थित थे।