न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 10 विकेट से रौंदा
iic cup

कार्डिफ। मार्टिन गप्टिल (73 नाबाद) और कोलिन मुनरो (58 नाबाद) के बीच पहले विकेट के लिए हुई 137 रनों की अविजित भागीदारी से न्यूजीलैंड ने शनिवार को क्रिकेट वर्ल्ड कप में श्रीलंका पर 10 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड ने 137 रनों के टारगेट को 16.1 ओवरों में हासिल किया। इससे पहले दिमुथ करुणारत्ने की नाबाद फिफ्टी (52) के बावजूद श्रीलंका की पारी 29.2 ओवरों में 136 रनों पर सिमटी। श्रीलंका वर्ल्ड कप में पहली बार 10 विकेट से हारा।

मार्टिन गप्टिल और कोलिन मुनरो ने न्यूजीलैंड को आक्रामक शुरुआत दिलाई। उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ खुलकर स्ट्रोक्स खेले। गप्टिल ने उडाना की गेंद पर छक्का लगाकर फिफ्टी पूरी की। वे 39 गेंदों में 6 चौकों और 1 छक्के की मदद से फिफ्टी तक पहुंचे। मुनरो ने थिसारा परेरा की गेंद पर 2 रन लेकर फिफ्टी पूरी की। वे 41 गेंदों में 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से फिफ्टी तक पहुंचे। गप्टिल 51 गेंदों में 8 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 73 और मुनरो 47 गेंदों में 6 चौकों और 1 छक्के की मदद से 58 रन बनाकर नाबाद रहे।

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी कर रहे श्रीलंका को मैट हैनरी ने पहले ही ओवर में झटका दिया जब उन्होंने दूसरी गेंद पर लाहिरू थिरिमाने (4) को एलबीडब्ल्यू किया। अंपायर ने थिरिमाने को आउट नहीं दिया था लेकिन न्यूजीलैंड ने रिव्यू लिया और फैसला उनके पक्ष में रहा। कुशल परेरा (29) अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन वे हैनरी की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में मिडऑन पर कोलिन डी ग्रैंडहोम को कैच थमा बैठे। हैनरी ने अगली गेंद पर कुशल मेंडिस को स्लिप में मार्टिन गप्टिल के हाथों झिलवाया और श्रीलंका 46 रनों पर तीसरा विकेट खोकर संघर्ष करता दिखा।

धनंजय डीसिल्वा ने अभी 4 रन ही बनाए थे कि वे लोकी फर्ग्यूसन की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। डीसिल्वा ने कप्तान दिमुथ करुणारत्ने से बात की लेकिन उन्होंने कोई रिव्यू नहीं लिया। अब टीम को एंजेलो मैथ्यूज से उम्मीदें थी लेकिन वे बगैर खाता खोले कोलिन डी ग्रैंडहोम के शिकार बने। वे विकेटकीपर टॉम लाथम को कैच थमाकर पैवेलियन लौटे। श्रीलंका उस समय गहरे संकट में घिर गया जब जीवन मेंडिस (1) ने फर्ग्यूसन की गेंद पर गली में जिमी नीशम को कैच थमा दिया। श्रीलंका ने 60 रनों पर छठा विकेट गंवाया। इसके बाद कप्तान करुणारत्ने को अनुभवी थिसारा परेरा का साथ मिला और इन्होंने पारी को संभालने का प्रयास किया। इनके बीच सातवें विकेट के लिए 52 रनों की भागीदारी हुई और इन्होंने स्कोर को सम्मानजनक बनाया। सेंटनर ने थिसारा (27) को लांग ऑन पर ट्रेंट बोल्ट को कैछ थमाया। उडाना बगैर खाता खोले जिमी नीशम के शिकार बने। सुरंगा लकमल 7 रन बनाकर बोल्ट के शिकार बने। करुणारत्ने ने बोल्ट की गेंद पर 2 रन बनाकर फिफ्टी पूरी की। उन्होंने 82 गेंदों में 4 चौकों की मदद से फिफ्टी पूरी की।

न्यूजीलैंड ने टिम साउदी को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया। उन्हें चोट लगी हुई है और उन्होंने शुक्रवार को अभ्यास नहीं किया था। विकेटकीपर टॉम लाथम के फिट होने से टॉम ब्लंडेल को डेब्यू करने का मौका नहीं मिला। इसके अलावा ईश सोढ़ी को भी प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। श्रीलंका ने जैफ्री वांडरसे, मिलिंडा सिरिवर्दाना, नुवान प्रदीप और अविष्का फर्नांडो को बाहर रखा।

न्यूजीलैंड ने अभ्यास मैच में शानदार प्रदर्शन कर भारत को हराया था, वैसे उसके इसके बाद वेस्टइंडीज के हाथों शिकस्त मिली थी। कीवी टीम भारत के खिलाफ किए प्रदर्शन को यहां दोहराना चाहेगी। केन विलियम्सन की न्यूजीलैंड टीम के लिए राहत भरी खबर आई जब प्रमुख विकेटकीपर टॉम लाथम ने उंगली की चोट से उबरकर प्रैक्टिस सेशन में विकेटकीपिंग की।

श्रीलंका इस मैच में लाहिरू थिरिमाने को कप्तान दिमुथ करुणारत्ने के साथ पारी की शुरुआत के लिए उतारेगा। थिरिमाने अभ्यास मैचो में निचले क्रम पर उतरे थे। अविष्का फर्नांडो इस मैच में नहीं खेलेंगे। कुशल परेरा विकेटकीपिंग का दायित्व संभालेंगे और मध्यक्रम में बल्लेबाजी करेंगे। धनंजय डीसिल्वा और जीवन मेंडिस को खेलने का मौका मिलेगा।

टीमें - श्रीलंका : दिमुथ करुणारत्ने (कप्तान), लाहिरू थिरिमाने, कुशल मेंडिस, कुशल परेरा, एंजेलो मैथ्यूज, धनंजय डीसिल्वा, थिसारा परेरा, जीवन मेंडिस, इसुरु उडाना, लसिथ मलिंगा, सुरंगा लकमल।

न्यूजीलैंड : मार्टिन गप्टिल, कोलिन मुनरो, केन विलियम्सन (कप्तान), रॉस टेलर, टॉम लाथम, जिमी नीशम, कोलिन डी ग्रैंडहोम, मिचेल सेंटनर, लोकी फर्ग्यूसन, ट्रेंट बोल्ट, मैट हैनरी।