भोपाल के नैसर्गिक सौंदर्य पर विशेष ध्यान दें
भोपाल के नैसर्गिक सौंदर्य  पर विशेष ध्यान दें
भोपाल की विकास योजनाओं की मंत्री श्री गौर ने की समीक्षाएमपी के नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री बाबूलाल गौर ने कहा है कि राजधानी भोपाल के विकास की योजनाओं को समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच बेहतर तालमेल रखे जाने पर जोर दिया। श्री गौर मंत्रालय में भोपाल नगर के विकास की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में महापौर कृष्णा गौर और मुख्य सचिव आर. परशुराम भी मौजूद थे।बैठक में भोपाल के बी.आर.टी.एस. पॉयलट कॉरीडोर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। निर्देश दिए गए कि परियोजना में बनने वाले कमला पार्क ब्रिज का निर्माण ऐसा किया जाए जिससे सारे देश में भोपाल की अलग पहचान हो। ब्रिज की डिजाइन तैयार करने का कार्य नगर निगम भोपाल द्वारा किया जाएगा। नगर में 241.73 करोड़ रुपए की बी.आर.टी.एस. परियोजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। बैठक में भोपाल के पब्लिक ट्रांसपोर्ट को और सुविधायुक्त बनाने पर चर्चा की गयी। इस समय शहर में भोपाल सिटी लिंक के माध्यम से 150 बस चल रही हैं। मार्च अंत तक 75 और नई बस भोपाल नगर वाहन सेवा में शामिल हो जाएगी। नगर के कुछ मार्गों का रेशनलाइजेशन कर अधिसूचित किए जाने एवं उसके क्रियान्वयन पर चर्चा की गयी।बैठक में भोपाल नगर के पश्चिम क्षेत्र में जल वितरण के लिए 125 करोड़ रुपए की योजना पर चर्चा की गई। बैठक में निर्देश दिए गए कि भोपाल में नर्मदा पेयजल परियोजना के संचालन के लिए पी.एच.ई अमले को नगर निगम को स्थानांतरित किया जाए। नगर निगम के अधिकारी द्वारा बताया गया कि नर्मदा परियोजना के संचालन में विद्युत व्यय पर प्रतिवर्ष 48 करोड़ की राशि खर्च होगी। बताया गया कि भोपाल नगर में जेएनएनयूआरएम-बीएसयूपी के अंतर्गत लगभग 15 हजार आवास का निर्माण किया जा रहा है।मुख्य सचिव ने भोपाल नगर के पुरातात्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण भवनों की साज-सज्जा के लिए योजना तैयार करने के लिए कहा। ताजमहल, बेनजीर एवं बड़े बाग के विकास के लिए दीर्घकालिक योजना के क्रियान्वयन के लिए आय के स्त्रोत तलाशने एवं जनभागीदारी पर केंद्रित योजना तैयार करने के लिए कहा गया। पर्यटन विभाग ताजमहल भवन के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य के प्रथम चरण पर अमल प्रारंभ कर रहा है। बैठक में पुतलीघर एवं नादरा बस स्टेंड को व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी नगर निगम भोपाल को सौंपी गयी। शहर के शाहपुरा, चार इमली एवं हथाईखेड़ा जलाशय के विकास एवं सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा हुई।बैठक में प्रमुख सचिव पर्यावरण इकबाल सिंह बैंस, प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन एस.पी.एस. परिहार, भोपाल कमिश्नर प्रवीण गर्ग, एम.डी पर्यटन निगम श्री राघवेंद्र सिंह, संस्कृति सचिव पंकज राग, लोक निर्माण, जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी मौजूद थे।