मध्यप्रदेश में कबड्डी अकादमी
मध्यप्रदेश में कबड्डी अकादमी
खेलों में भी उज्जवल कैरियर - मुख्यमंत्री श्री चौहान मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कबड्डी अकादमी स्थापित होगी। उन्होंने कहा कि खेल में भी उज्जवल कैरियर है। खिलाड़ी पूर्ण संकल्प के साथ खेलें। खिलाड़ियों और खेल सुविधाओं के लिये धन की कमी नहीं होगी। श्री चौहान आज यहाँ टी.टी. नगर स्टेडियम में मुख्यमंत्री राज्य खेल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने खेल कार्यक्रम के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की।श्री चौहान ने कहा कि ओलम्पिक 2020 में मध्यप्रदेश के खिलाड़ी भी पदक जीतें इसके लिये अभी से तैयारी शुरू की जा रही है। अप्रैल माह में मुख्यमंत्री युवा ओलम्पिक शुरू किया जायेगा जिसमें प्रतिभावान खिलाड़ियों को चिन्हित कर आधुनिक पद्धति से प्रशिक्षित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को राज्य सरकार हर संभव सुविधा और सहायता उपलब्ध करवाएगी। भूतपूर्व खिलाड़ियों की सहायता के लिये खिलाड़ी कल्याण कोष गठित किया गया है।उन्होंने कहा कि खेलों से देश का मान-सम्मान बढ़ता है। भारत को सरताज राष्ट्र बनाना है इसके लिये सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि खेलों में राजनीति नहीं होनी चाहिये। बल्कि राजनीति में खेल भावना लाने के प्रयास किये जाने चाहिये।इस अवसर पर ओलम्पिक रजत पदक विजेता श्री सुशील कुमार ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार जिस प्रकार खिलाड़ियों को सुविधायें और सहयोग दे रही है उससे यह स्थापित हुआ है कि प्रदेश में खेलों का उज्जवल भविष्य है।स्वागत उद्बोधन संचालक खेल एवं युवा शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने दिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री राज्य खेल आयोजन में प्रदेश के 34 खेल संघ, ओलंपिक संघ और खेल एवं युवा कल्याण विभाग एक साथ आए हैं। उन्होंने बताया कि आगामी समय में आयोजन विकासखण्ड स्तर पर भी किया जाएगा।मुख्यमंत्री चौहान ने मध्यप्रदेश ओलम्पिक संघ के सचिव एस.आर देव को सम्मानित किया उन्होंने प्रदेश के खेल प्रशिक्षक के रूप में ऑफर लेटर, जल खेलों के लिये श्री गिरधारी लाल यादव, हॉकी के लिये श्री अशोक कुमार, निशानेबाजी के लिये श्री मनशेरसिंह, क्रिकेट के लिये श्री मदनलाल और कुश्ती के लिये सुशील कुमार को प्रदाय किये। राज्य खेल आयोजन में कुश्ती और एथलेटिक्स के पदक विजेताओं को पुरस्कृत किया।कार्यक्रम में लोक सेवा प्रबंधन एवं खेल राज्य मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, योजना आयोग के उपाध्यक्ष श्री बाबूलाल गौर, मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष मोहनलाल यादव, मध्यप्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष रमेश मेंदोला, मध्यप्रदेश एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष विश्वास सारंग और सचिव खेल एवं युवक कल्याण अशोक शाह उपस्थित थे।