दो हजार स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा
दो हजार स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा
राज्य सरकार ने कम्प्यूटर शिक्षा के विस्तार के लिए 2 हजार शासकीय हाईस्कूल तथा हायर सेकेण्डरी स्कूलों में आईसीटी स्कूल योजना क्रियान्वित करने का निर्णय लिया। इसके तहत छात्रों को कंप्यूटर आधारित शिक्षा दी जाएगी। योजना में 20 हजार शिक्षक को प्रशिक्षित किया जाएगा। इस योजना पर सरकार 128 करोड़ रुपये खर्च करेंगी, जिसमें 64 करोड़ की राशि केंद्र तथा 64 करोड़ रुपए राज्य सरकार वहन करेगी। कैबिनेट द्वारा लिए गए निर्णय की जानकारी देते हुए संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि महू स्थित बाबा साहब अम्बेडकर राष्ट्रीय सामाजिक विज्ञान संस्थान को विश्वविद्यालय का स्वरूप देने का निर्णय लिया। विश्वविद्यालय का नाम डॉ. बीआर अम्बेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय होगा। विश्वविद्यालय के लिए आगामी सत्र से ही पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा और इसके लिए 99 शैक्षणिक और 3 गैर-शैक्षणिक पदों को भी मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने उप पुलिस अधीक्षक के सीधी भर्ती के 252 रिक्त पद पदोन्नति से भरे जाने का निर्णय लिया। यह पद वर्ष 2015 में भरे जायेंगे और इसके लिए संबंधित सेवा भर्ती एवं पदोन्नति नियम को शिथिल किया जाएगा। इन पदों का समायोजन भविष्य में वर्षवार रिक्तियों के अनुसार सीधी भर्ती के पदों पर ही किया जाएगा। पूर्ण समायोजन होने तक इन पदों पर पदोन्नति की कार्यवाही नहीं की जाएगी।