प्रदेश को केन्द्र द्वारा जे.एन.यू.आर.आर.एम. के प्रथम चरण में 500 करोड़ जारी होंगे
प्रदेश को केन्द्र द्वारा जे.एन.यू.आर.आर.एम. के प्रथम चरण में 500 करोड़ जारी होंगे
मध्यप्रदेश को केन्द्र सरकार द्वारा जे.एन.यू.आर.आर.एम. के प्रथम चरण में 500 करोड़ की राशि जारी की जायेगी। राज्य सरकार इसके लिए 25 परियोजनाओं की डी.पी.आर. केन्द्र सरकार को शीघ्र ही भेजेगी। यह जानकारी आज नई दिल्ली में मध्यप्रदेश के नगरीय प्रशासन और विकास मंत्री बाबूलाल गौर ने केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री कमलनाथ से मुलाकात करने के बाद दी।श्री गौर ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार जे.एन.यू.आर.आर.एम. में आने वाली परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट केन्द्र सरकार को एक सप्ताह के अंदर भेज देगी जिससे कि यह राशि इसी वित्तीय वर्ष में जारी हो सके और राज्य सरकार को विभिन्न परियोजनाओं का शीघ्र लाभ मिल जाये। श्री गौर ने बताया कि केन्द्र द्वारा जारी राशि में राज्य सरकार के नगरीय प्रशासन और विकास विभाग की लंबित परियोजनाओं को भी शामिल किया गया है।श्री गौर ने जानकारी दी कि जे.एन.यू.आर.आर.एम. के तहत लगभग 60 प्रस्ताव की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट केन्द्र के पास भेजी जानी है। इसमें से 25 प्रस्ताव को शीघ्र ही भेजा जायेगा। इन प्रस्ताव में मुख्यतः 121 करोड़ की भोपाल की बी.आर.टी.एस. परियोजना, बड़े तालाब के विकास (लेक फ्रंट डेव्हलपमेंट) योजना, कोलार पेयजल योजना, रीवा की जल-मल परियोजना, राष्ट्रीय अभिशासन एवं प्रशिक्षण संस्थान भोपाल की स्थापना और सिंहस्थ 2016 के लिए अनुदान आदि शामिल हैं।केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री कमलनाथ ने श्री गौर को प्रदेश के विकास में केन्द्र सरकार के सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रदेश के प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन और विकास एस.पी.एस. परिहार और केन्द्र सरकार के शहरी विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।